नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय कोरट का किया औचक निरीक्षण
बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए स्टीमेट तैयार करने के निर्देश, पंचायत भवन व आंगनबाड़ी केंद्र के सुंदरीकरण पर दिया जोर
राजेश तिवारी ( ब्यूरो)
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने प्राथमिक विद्यालय कोरट सहित पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, साफ-सफाई और आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय कोरट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। विद्यालय में बाउंड्रीवॉल नहीं होने पर उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को तत्काल निर्माण का स्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।
विद्यालय की कंप्यूटर लैब में कंप्यूटर अव्यवस्थित मिलने और साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए नियमित सफाई कराने तथा सभी कंप्यूटरों को व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने पंचायत भवन कोरट का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात कंप्यूटर सहायक से संचालित कार्यों एवं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। पंचायत भवन और सीएससी जनसेवा केंद्र के भवन की स्थिति देखते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी को रंगाई-पुताई एवं सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए, ताकि भवन स्वच्छ और आकर्षक दिखाई दे।
जिलाधिकारी ने समीप स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां चल रहे रंगाई-पुताई एवं सुंदरीकरण कार्यों को बेहतर ढंग से कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र का वातावरण स्वच्छ एवं आकर्षक होना चाहिए, जिससे बच्चों को बेहतर माहौल मिल सके।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिए गए निर्देशों का प्राथमिकता से अनुपालन सुनिश्चित करें तथा सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे कराएं।


Comments