महिला अपराधों पर सितारगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई

दो आरोपी गिरफ्तार 17 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर दुष्कर्म के आरोपी को दबोचा

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज(दीपक भारद्वाज)। महिला अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में 17 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद किया गया, जबकि दूसरे मामले में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोपी बरेली से गिरफ्तार किया गया।
 
पुलिस के अनुसार, बीते 24 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने किशोरी की तलाश के लिए मोबाइल फोन की लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर प्रयास किए। इस दौरान रुद्रपुर के फुलसुंगी स्थित तीनपानी डैम क्षेत्र में एक युवक के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रवि कश्यप उर्फ गोलू निवासी वार्ड नंबर छह नहरपार सितारगंज को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया।
 
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 87, 64(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 5/6 की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी रवि कश्यप को 19 नवंबर की रात गिरफ्तार कर लिया।
 
वहीं दूसरे मामले में एक युवती ने सचिन द्विवेदी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, बेहोशी की हालत में अश्लील वीडियो बनाने, वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगाया था। आरोपी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले में वांछित चल रहे सचिन द्विवेदी उर्फ सचिदानन्द की तलाश में पुलिस जुटी थी।
 
19 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रोहिलखंड अस्पताल बरेली में दबिश देकर आरोपी को रात 9:20 बजे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शाहजहांपुर जिले के थाना मदनापुर क्षेत्र के ग्राम विरिया मकरन्दपुर का निवासी है।
 
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उपनिरीक्षक बबीता टम्टा, प्रदीप कुमार, कांस्टेबल कृष्ण चंद्र, सुरेश नेगी और महिला कांस्टेबल ज्योति शर्मा शामिल रहे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें