नवीनतम
फीचर्ड
भारत
तकनीकी अड़चनों के बावजूद तीन लाख लोगों के खातों में पहुंचा मानदेय
दीपावली से पहले एनएचएम ने 441.27 करोड़ रुपये का किया भुगतान, मुख्यमंत्री के निर्देश पर अवकाश के दिनों में भी चला काम
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), उत्तर प्रदेश ने दीपावली से पहले करीब तीन लाख कार्मिकों और लाभार्थियों के खातों में 441.27 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी। एसएनए-स्पर्श पोर्टल पर तकनीकी और प्रक्रियागत समस्याओं के बावजूद अधिकारियों की सतत निगरानी और कर्मचारियों के समन्वित प्रयास से निर्धारित समय में भुगतान पूरा किया गया। इसके लिए अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खोलकर काम किया गया।
एनएचएम की महानिदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने दीपावली से पहले कर्मचारियों को मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भुगतान प्रक्रिया को प्राथमिकता पर लेते हुए लगातार निगरानी की गई। पोर्टल पर आंकड़ों की त्रुटियों, आधार से जुड़ी दिक्कतों और अन्य तकनीकी बाधाओं के कारण भुगतान प्रभावित होने की आशंका थी। इन समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के साथ सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठकें की गईं। इनमें भुगतान की स्थिति की समीक्षा कर लंबित मामलों का निस्तारण कराया गया।
अवकाश में भी खुला कार्यालय, डेटा का हुआ सत्यापन
महानिदेशक ने बताया कि भुगतान समय से पूरा करने के लिए छुट्टी के दिनों में भी अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय पहुंचे। भुगतान से जुड़े आंकड़ों का एक-एक कर विश्लेषण और सत्यापन किया गया। जिन अभिलेखों में कमियां मिलीं, उन्हें दुरुस्त कराया गया, ताकि पात्र लोगों के खातों में सही धनराशि पहुंचे। आधार लिंकिंग से संबंधित तकनीकी समस्या के समाधान के लिए भारत सरकार को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध भी किया गया।
तीन श्रेणियों में हुआ भुगतान
एनएचएम के अनुसार, दीपावली से पहले 74 हजार कार्मिकों को मानदेय, 1.51 लाख आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि और 79,071 जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को देय धनराशि का भुगतान किया गया। इन तीनों श्रेणियों में कुल 441.27 करोड़ रुपये जारी किए गए।


Comments