भारत
श्रीभूमि जिले के पश्चिम सोनबिल में दो दशक से बदहाल 3 किलोमीटर सड़क, तीन बांस के पुलों के सहारे हजारों ग्रामीणों की जिंदगी!
100% वोट भाजपा को, फिर भी सड़क नसीब नहीं! पश्चिम सोनबिल के ग्रामीणों ने विधायक विजय मालाकार और मंत्री कृष्णेंदु पाल से लगाई गुहार
स्वतंत्र प्रभात :
श्रीभूमि, संवाददाता
असम के श्रीभूमि जिले के पश्चिम सोनबिल क्षेत्र में महज तीन किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़क की बदहाली ने सैकड़ों परिवारों का जीवन मुश्किल कर दिया है। सोनबिल नयनाबीन से नगेंद्रनगर शनितला तक जाने वाली यह सड़क करीब दो दशक से मरम्मत की बाट जोह रही है। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार यह सड़क अब इतनी जर्जर हो चुकी है कि लोगों के साथ-साथ मवेशियों का आवागमन भी कठिन हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्ष 2006 में तत्कालीन ग्राम पंचायत अध्यक्ष चारुबाला दास की पहल पर इस सड़क की मरम्मत कर इसे आवागमन योग्य बनाया गया था। उस समय मोटरसाइकिल, ऑटो रिक्शा और छोटी गाड़ियों का आवागमन सुचारु रूप से होता था। इतना ही नहीं, किसान धान, सब्जियों और अन्य कृषि उत्पादों को भी छोटी गाड़ियों से बाजार तक पहुंचा पाते थे। लेकिन विडंबना यह है कि उसके बाद लगभग दो दशक गुजर जाने के बावजूद सड़क की कोई उल्लेखनीय मरम्मत नहीं हुई। नतीजतन, आज यह सड़क पूरी तरह बदहाल स्थिति में पहुंच गई है।
तीन बांस के पुल बने ग्रामीणों की मजबूरी
इस सड़क की सबसे भयावह तस्वीर तब सामने आती है, जब स्कूली विद्यार्थियों, कॉलेज के छात्रों, आम नागरिकों और बीमार मरीजों को आवागमन के लिए तीन बांस के अस्थायी पुलों का सहारा लेना पड़ता है। बरसात और खराब मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी किसी चुनौती से कम नहीं है।
पश्चिम शनबिल के हजारों लोगों के लिए यह सड़क जीवनरेखा के समान है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कांग्रेस शासनकाल से लेकर वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल तक कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के समक्ष सड़क की मरम्मत को लेकर गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया। दो विधानसभा क्षेत्रों में बंटी सड़क, संयुक्त पहल की मांग इधर, विधानसभा परिसीमन एवं क्षेत्रीय पुनर्गठन के बाद सड़क का एक हिस्सा रामकृष्णनगर तथा दूसरा हिस्सा जिले के पाथारकांदी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस परिस्थिति में स्थानीय ग्रामीणों ने रामकृष्णनगर के विधायक विजय मालाकार और मंत्री कृष्णेंदु पाल का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया है।
ग्रामीणों की मांग है कि दोनों जनप्रतिनिधि संयुक्त रूप से पहल कर सड़क की स्थायी मरम्मत सुनिश्चित करें, ताकि वर्षों से जारी उनकी यातायात संबंधी परेशानी दूर हो सके।100 प्रतिशत वोट भाजपा को, फिर भी हमें तैरकर रास्ता पार करना पड़ता है!' मीडिया के समक्ष अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए 60 वर्षीय एक बुजुर्ग सहित श्री दुर्गा मत्स्यजीवी समिति के अध्यक्ष निगुर बासी दास, सुनील दास और हरिपद दास ने सवाल उठाया, "100 प्रतिशत वोट भाजपा को देने के बावजूद विकास का दावा करने वाली सरकार के कार्यकाल में हमें आज भी तैरकर रास्ता पार क्यों करना पड़ता है. ग्रामीणों का सवाल है कि महज तीन किलोमीटर सड़क की मरम्मत के लिए आखिर उन्हें और कितने वर्षों तक इंतजार करना पड़ेगा. चुनाव के दौरान विकास के वादे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर बुनियादी सुविधाओं की बहाली कब होगी?
अब पश्चिम सोनबिल के ग्रामीणों की निगाहें क्षेत्र के विधायक विजय मालाकाB र और मंत्री कृष्णेंदु पाल पर टिकी हैं। देखना होगा कि वर्षों से उपेक्षित इस सड़क की मरम्मत के लिए जनप्रतिनिधि कब ठोस कदम उठाते हैं और ग्रामीणों को इस दुर्दशा से कब राहत मिलती है।
#RuralDevelopment #LocalNews #SwatantraPrabhat #IndiaNews #Congress #RoadCondition #RoadRepair #BJPGovernment #Sribhumi #AssamNews #VijayMalakar #Ramakrishnanagar #PublicProblems #RoadInfrastructure #VillageRoad #AssamPolitics #AssamDevelopment #Patharkandi #AssamGovernment #WestSonbil #RuralRoad #KrishnenduPal #InfrastructureCrisis #Sonbil


Comments