नवीनतम
राजनीति
भारत
गोरखपुर में मत्स्य परियोजना कार्यालय खोलेगा मलेशिया का वर्ल्डफिश सेंटर
मत्स्य विभाग और वर्ल्डफिश सेंटर के बीच हुआ समझौता, उत्पादन बढ़ाने के साथ मत्स्य पालकों को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मत्स्य उत्पादन, अनुसंधान और तकनीकी क्षमता को बढ़ावा देने के लिए मलेशिया का वर्ल्डफिश सेंटर गोरखपुर में उत्तर प्रदेश मत्स्य परियोजना कार्यालय स्थापित करेगा। इस संबंध में शुक्रवार को प्रदेश के मत्स्य विभाग और वर्ल्डफिश सेंटर के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ। समझौते का आदान-प्रदान प्रदेश की महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. और वर्ल्डफिश सेंटर के महानिदेशक डॉ. ईसाम यासीन मोहम्मद ने किया।
इस पहल के तहत पूर्वांचल सहित प्रदेश के मत्स्य पालकों, हैचरी संचालकों, युवाओं, शोधकर्ताओं और विभागीय कर्मचारियों को व्यावहारिक व तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य मत्स्य उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के साथ गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आधुनिक तकनीकों का प्रसार करना है।
उन्नत प्रजातियों के बीज उत्पादन में मिलेगा सहयोग
महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. ने बताया कि वर्ल्डफिश सेंटर पेंगेसियस और जीआईएफटी तिलापिया जैसी उन्नत प्रजातियों के बीज उत्पादन के लिए तकनीकी सहयोग देगा। इसके तहत ब्रूड स्टॉक प्रबंधन, प्रजनन, स्पॉन, फ्राई और फिंगरलिंग उत्पादन की प्रक्रियाओं में विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा अमृत कतला, जयंती रोहू और अमूर कॉमन कार्प जैसी आनुवंशिक रूप से उन्नत प्रजातियों के बीज उत्पादन और संरक्षण के लिए भी तकनीकी सहायता दी जाएगी। इसके अंतर्गत ब्रूड स्टॉक संवर्धन, अनुसंधान, न्यूक्लियस ब्रूड बैंक और आनुवंशिक सामग्री के संरक्षण से जुड़ी सुविधाओं के विकास में सहयोग किया जाएगा।
मत्स्य पालकों की आय और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
यह शत-प्रतिशत राज्य पोषित योजना प्रदेश में उन्नत मत्स्य प्रजातियों के गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन, आधुनिक तकनीकों के हस्तांतरण, अनुसंधान और प्रशिक्षण को बढ़ावा देगी। इससे प्रदेश को मत्स्य बीज उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के साथ मत्स्य उत्पादकता और पालकों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, पोषण और खाद्य सुरक्षा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
एमओयू के दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, मत्स्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम, वर्ल्डफिश सेंटर के महानिदेशक डॉ. ईसाम यासीन मोहम्मद, भारत में वर्ल्डफिश के प्रतिनिधि अरुण पड़ियार सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


Comments