सैनिक परिवार राष्ट्र की शक्ति और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक : योगी
मेरठ में पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री, प्रदेश के 5.19 लाख पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति जताया आभार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम से पहले उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर संदेश जारी कर प्रदेश के 5.19 लाख पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि 15 से 20 लाख लोगों का यह विशाल सैनिक परिवार राष्ट्र की शक्ति और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि देश में प्रतिवर्ष सेवानिवृत्त होने वाले करीब 60 हजार सैनिकों में 10 से 12 हजार उत्तर प्रदेश के होते हैं। यह राष्ट्र की सुरक्षा में प्रदेश के योगदान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सैनिकों का सम्मान, शहीद परिवारों को संबल और पूर्व सैनिकों का कल्याण सरकार की प्राथमिकता है।
योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर सैनिकों और शहीद परिवारों के सम्मान की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वन रैंक-वन पेंशन सहित सैनिकों के हित में कई कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को रक्षा आत्मनिर्भरता का उभरता केंद्र बताते हुए यूपी डिफेंस कॉरिडोर और लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, एक आश्रित को सरकारी नौकरी, अग्निवीरों के लिए यूपी पुलिस में 20 प्रतिशत और समूह 'ख' के पदों पर पांच प्रतिशत आरक्षण तथा 31,700 से अधिक पूर्व सैनिकों को रोजगार उपलब्ध कराने जैसे कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों का सम्मान, शहीद परिवारों का सहयोग और पूर्व सैनिकों का कल्याण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्रीय संकल्प है।


Comments