नवीनतम
फीचर्ड
भारत
प्रतिभाओं का सम्मान नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है : केशव मौर्य
बरेली में प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सामाजिक समरसता सम्मेलन में बोले उप मुख्यमंत्री, कहा- आपसी सद्भाव और सहभागिता से साकार होगा विकसित भारत का सपना
बरेली/लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, उत्साह और नई ऊर्जा का संचार होता है। समाज को प्रतिभाशाली युवाओं की उपलब्धियों का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित करना चाहिए।
उप मुख्यमंत्री रविवार को बरेली के मनोहर भूषण इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सामाजिक समरसता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सामाजिक समरसता से मजबूत होगा समाज
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सामाजिक समरसता सरकार और समाज का साझा संकल्प होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश आगे बढ़ रहा है। इसी भावना के अनुरूप मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण, सम्मान और उत्थान के लिए काम कर रही है। गांव, गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। अपराधियों और माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई से सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बना है। सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता दे रही है। गरीबों को आवास, शौचालय, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए भी लगातार प्रयास हो रहे हैं।
वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई भारत की पहचान
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। देश प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल होने के साथ सामरिक क्षेत्र में भी मजबूत हुआ है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और सामर्थ्य का परिचय दिया है। आज देश अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा करने में सक्षम है।
उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच विभिन्न देशों के साथ संबंधों का विस्तार किया है। तेल और गैस के नए स्रोतों की खोज, स्वदेशी अनुसंधान तथा परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में वैज्ञानिक प्रगति आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। देश में थोरियम जैसे प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता और वैज्ञानिक अनुसंधान भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
एकता और सहभागिता से साकार होगा विकसित भारत
केशव प्रसाद मौर्य ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभा सम्मान और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम समाज में सकारात्मक वातावरण बनाते हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का अवसर और प्रोत्साहन देते हैं। समाज की एकता, आपसी सद्भाव और सभी वर्गों की सहभागिता से ही विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प पूरा होगा।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, जिला प्रभारी दिनेश शर्मा, सोमपाल शर्मा, अधीर सक्सेना, तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडेय, अंकित माहेश्वरी, अंकित शुक्ला, वीरपाल सिंह गंगवार, राममूर्ति लाल मौर्य, मौर्य विकास संस्था के पूर्व अध्यक्ष शिशुपाल मौर्य और नगर पंचायत शेरगढ़ के अध्यक्ष बुद्धसेन मौर्य सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पत्रकार और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


Comments