नवीनतम
फीचर्ड
भारत
आपातकालीन चिकित्सा में प्रदेश के मरीजों के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा बनी जीवनदायिनी
दुर्घटना, अचानक आई बीमारी, या प्रसव पीड़ा जैसी गंभीर परिस्थितियों में यह सेवा तुरंत सक्रिय हो जाती है।
चिकित्सा आपातकाल के समय सही समय पर इलाज मिलना किसी भी व्यक्ति के लिए जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर तय करता है। ऐसे संवेदनशील समय में ‘108 ई.एम.टी.एस. एम्बुलेंस सेवा’ आमजन के लिए एक वरदान साबित हुई है। यह केवल एक गाड़ी नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में उम्मीद की एक ऐसी किरण है जो चौबीसों घंटे और साल के 365 दिन देशवासियों की सेवा में तत्पर रहती है। इस महत्वपूर्ण सेवा की शुरूआत भारत सरकार द्वारा किया गया। यह पूरी तरह से एक कॉल सेंटर आधारित एकीकृत प्रणाली है, जिसे कोई भी आम नागरिक किसी भी आपातकालीन स्थिति में अपने मोबाइल या लैंडलाइन से पूरी तरह टोल-फ्री नंबर 108 डायल करके बुला सकता है। दुर्घटना, अचानक आई बीमारी, या प्रसव पीड़ा जैसी गंभीर परिस्थितियों में यह सेवा तुरंत सक्रिय हो जाती है।
रिस्पॉन्स टाइम में ऐतिहासिक सुधार
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने समय के साथ इस सेवा को अधिक चुस्त-दुरूस्त और प्रभावी बनाने के लिए इसके बुनियादी ढांचे और संचालन नियमों में बड़े बदलाव किए गए हैं। शुरूआती दौर में एम्बुलेंस को शहरी क्षेत्रों में 20 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर मरीज तक पहुंचने का लक्ष्य (प्राविधान) दिया गया था। जुलाई 2019 से सेवा को और अधिक उत्तरदायी बनाने के लिए नए अनुबंध के तहत इस अवधि को भारी कटौती के साथ शहरी और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्रों के लिए मात्र 15 मिनट कर दिया गया था। प्रशासनिक मुस्तैदी और बेहतर तकनीक के चलते माह जनवरी, 2025 में इस एम्बुलेंस सेवा का वास्तविक रिस्पॉन्स टाइम घटकर मात्र 07.30 मिनट रह गया है, जो कि निर्धारित मानक से भी कहीं बेहतर और सराहनीय है। प्रदेश में अब कहीं भी आपातकाल में इस एम्बुलेंस को फोन किया जाता है, तो 07.30 मिनट के अन्दर सम्बन्धित स्थल पर पहुँचकर मरीज को अस्पताल पहुँचाते हुए सम्बन्धित मरीज को चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराते है।
फ्लीट और कार्यक्षमता में विस्तार
कम से कम समय में मरीज तक पहुंचने के इस महत्वकांक्षी लक्ष्य को पूरा करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभागों ने संसाधनों में अभूतपूर्व वृद्धि की है पूरे प्रदेश में एम्बुलेंसों की संख्या को 1488 से बढ़ाकर 2200 किया गया है और प्रतिदिन के फेरों (ट्रिप्स) को 4 से बढ़ाकर 5 किया गया है। चिकित्सा की यह सेवा हर नागरिक के लिए सुलभ बनाया गया है।
करोड़ों चेहरों पर मुस्कानः सेवा के आंकड़े
इस एम्बुलेंस सेवा की सफलता और इसकी उपयोगिता को इसके द्वारा लाभान्वित लोगों की संख्या से आंका जा सकता है। अपनी शुरूआत से लेकर जून 2026 तक के सफर में इस सेवा ने लगभग 4.32 करोड़ (चार करोड़ बत्तीस लाख) रोगियों को समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाकर उनकी जान बचाने में मदद की है। 108 ई.एम.टी.एस. एम्बुलेंस सेवा ने न केवल स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे केा मजबूत किया है, बल्कि गरीब और ग्रामीण परिवेश के लोगों में यह विश्वास जगाया है कि आपातकाल में सरकार और व्यवस्था उनके साथ खड़ी है। महज़ 7.30 मिनट के रिस्पॉन्स टाइम के साथ काम कर रही यह सेवा आधुनिक भारत की एक सजग, संवेदनशील और गतिशील स्वास्थ्य प्रणाली की जीती-जागती मिसाल है।
------------------------------
-अखिलेश मणि त्रिपाठी


Comments