नवीनतम
फीचर्ड
भारत
युवाओं को आगे बढ़ने के लिए अवसर और आधुनिक संसाधन जरूरी: योगी
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा किए विचार, बोले- संसाधनों की कमी प्रतिभा के रास्ते में नहीं बनेगी बाधा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा और परिश्रम की कमी नहीं है। उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और आधुनिक संसाधनों की जरूरत है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक या संसाधनों की कमी किसी भी युवा की प्रतिभा और सफलता के रास्ते में बाधा न बने।
मुख्यमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर युवाओं के सशक्तीकरण को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य की चिंता करने के बजाय उन्हें जाति, क्षेत्र और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा गया। युवाओं की प्रतिभा को तकनीक से जोड़ने के लिए भी कोई ठोस पहल नहीं की गई।
60 लाख से अधिक युवाओं को मिले स्मार्टफोन और टैबलेट
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने इस दिशा में बदलाव किया है। डिजिटल इंडिया के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किए जा चुके हैं। इसी क्रम में 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ लखनऊ से किया जाएगा।
युवाओं की प्रतिभा को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उनकी शिक्षा, कौशल और रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर संसाधनों की उपलब्धता से प्रदेश के युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सफलता की नई मिसाल कायम करेंगे। मुख्यमंत्री ने टैबलेट वितरण योजना के सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं भी दीं।


Comments