बाइक से छठ घाटों पर पहुंचे सांसद मनीष जायसवाल, महाव्रतियों से लिया आशीर्वाद

सादगी और सहजता के साथ विभिन्न छठ मार्गों का किया भ्रमण, हुड़हुड़ू जोड़ा तालाब और लंबा तालाब में दिया उषा अर्घ्य

Abhinav Shukla Picture
Published On

हजारीबाग, झारखंड:-  लोकआस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के अवसर पर सोमवार की अहले सुबह हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने अपनी सादगी और सहजता की अनूठी मिसाल पेश की। छठ महापर्व के उषा अर्घ्य के दौरान छठ महाव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसे ध्यान में रखते हुए सांसद गाड़ियों के लंबे काफिले के बजाय बाइक से छठ घाटों तक पहुंचे। उन्होंने शहर के विभिन्न छठ मार्गों का भ्रमण कर छठ पूजा समितियों का उत्साहवर्धन किया तथा श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
 
इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने हजारीबाग के विभिन्न छठ मार्गों पर की गई आकर्षक पुष्प सज्जा और विद्युत सज्जा का भी अवलोकन किया। बाइक से विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वे हुड़हुड़ू स्थित जोड़ा तालाब छठ घाट और लंबा तालाब छठ घाट पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान भास्कर को उषा अर्घ्य अर्पित किया और छठ महाव्रतियों से आशीर्वाद प्राप्त किया। सांसद मनीष जायसवाल के घाटों पर पहुंचने पर छठ महाव्रतियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
 
हुड़हुड़ू जोड़ा तालाब छठ घाट पर नगर निगम के डिप्टी मेयर अविनाश कुमार यादव एवं समाजसेवी सह वार्ड पार्षद प्रतिनिधि नीरज कुमार ने उन्हें चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं लंबा तालाब छठ घाट पर सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेत्री रेणुका साहू एवं समाजसेवी दिलीप साहू ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। इसके अलावा भाजपा नेत्री सीमा पासवान एवं अनूप अग्रवाल ने अपने आवास पर परिवार के सदस्यों के साथ सांसद मनीष जायसवाल का आत्मीय स्वागत किया। यहां उन्होंने अपने घर पर ही भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
 
इसके पश्चात सांसद मनीष जायसवाल पत्रकार प्रमोद खंडेलवाल एवं रितेश खंडेलवाल के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने छठ का पारंपरिक प्रसाद ग्रहण किया। छठ महापर्व के दौरान सांसद मनीष जायसवाल की साफगोई, सादगी, सक्रियता और सर्वसुलभ कार्यशैली की श्रद्धालुओं ने खूब सराहना की। लोगों का कहना था कि जनप्रतिनिधि की वास्तविक पहचान जनता के बीच उनकी सहज उपस्थिति और संवेदनशील व्यवहार से होती है। काफिले और औपचारिकताओं से दूर बाइक से घाटों तक पहुंचकर सांसद मनीष जायसवाल ने न केवल छठ समितियों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति अपनी संवेदनशीलता और साधारण जीवनशैली का भी परिचय दिया। इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल के साथ उनके लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी भी मौजूद रहे।
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें