लोहबंधा में मरहूम शेख मो. युसूफ अंसारी कादरी का आठवां सालाना उर्स अकीदत के साथ संपन्न

बाहर से आए उलमाओं ने पेश कीं एक से बढ़कर एक नात व मनकबत, कौमी एकता और भाईचारे का दिया पैगाम

Abhinav Shukla Picture
Published On

हुसैनाबाद/पलामू/झारखंड:-  हुसैनाबाद प्रखंड क्षेत्र के महुडंड पंचायत अंतर्गत लोहबंधा गांव निवासी मरहूम शेख मो. युसूफ अंसारी कादरी का आठवां सालाना उर्स अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उनके मजार पर चादरपोशी कर फातेहा पढ़ी गई। साथ ही ईसाले सवाब के लिए जश्ने ईद मिलादुन्नबी की भव्य महफिल सजाई गई।
 
महफिल की शुरुआत प्रशिक्षु मौलाना गुलाम गौस रजा एवं हाफिज व कारी अनीस रजा ने कुरआन पाक की तिलावत और नात पाक से की। इस मौके पर बाहर से आए उलमाओं ने एक से बढ़कर एक नात व मनकबत पेश की। वहीं अपनी तकरीरों में कुरआन और हदीस की शिक्षाओं का जिक्र कर उपस्थित लोगों को इस्लामी तालीमात से रूबरू कराया।
 
प्रशिक्षु मौलाना गुलाम गौस रजा ने अपनी तकरीर में लोगों को कुरआन पाक पढ़ने, नेक बनने और इंसानियत के रास्ते पर चलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कुरआन शरीफ में इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम दिया गया है। मुसलमानों को कुरआन व हदीस की शिक्षाओं तथा पैगंबर-ए-इस्लाम के फरमानों के मुताबिक अपनी जिंदगी गुजारनी चाहिए। उन्होंने कौम और मोहल्ले की तरक्की के लिए आपसी एकता, मेल-मिलाप और मोहब्बत के साथ रहने की अपील की।
 
महफिल के दौरान नात व मनकबत की शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोग सुब्हानल्लाह और नारे तकबीर की सदाएं बुलंद करते रहे। कार्यक्रम के अंत में बारगाह-ए-रिसालत में सलाम पेश किया गया। इसके बाद मरहूमीन की मगफिरत के लिए दुआ की गई। साथ ही पूरे मुल्क में एकता, भाईचारा, अमन और शांति कायम रहने की दुआ मांगी गई।
 
कार्यक्रम की अध्यक्षता मौलवी इसहाक अनवर कादरी ने की, जबकि निजामत की जिम्मेदारी हाफिज व कारी अनीस रजा ने निभाई।
 
इस मौके पर हाफिज व कारी अनीस रजा, प्रशिक्षु मौलाना गुलाम गौस रजा, मौलवी इसहाक अनवर कादरी, मौलवी युसूफ अंसारी, हाजी इस्माइल अंसारी, सेवानिवृत्त शिक्षक शहाबुद्दीन अंसारी, जहांगीर अंसारी, मकसूद आलम, शिक्षक अकबर अंसारी, तैयब आलम, मनउवर आलम, हफीज अंसारी, मोजाहिद अंसारी, गुलाम मुस्तफा सहित सैकड़ों की संख्या में अकीदतमंद मौजूद थे।
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें