सीएचसी की बदहाली पर महानिदेशक भडके शौचालय में लटके मिले ताले

प्रसव के बाद भर्ती महिलाएं बिना चादर के बेड पर लेटी मिलीं महानिदेशक ने सीएचसी  अधीक्षक अमल पटेल और सीएमओ मनोज शुक्ला को किया तलब

Abhinav Shukla Picture
Published On

लालगंज (रायबरेली)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्थाओं पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण ने कड़ी नाराजगी जताई। शनिवार की देर शाम औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल में जगह जगह अव्यवस्थाएं मिलीं। इस पर उन्होंने सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमल पटेल का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच के लिए उच्चस्तरीय टीम गठित करने की बात कही। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक अस्पताल परिसर स्थित अपने आवास पर नहीं मिले। इस पर महानिदेशक ने नाराजगी जताई।
 
उन्होंने मौके पर मौजूद नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. श्रीकृष्णा को अधीक्षक को अपने कार्यालय भेजने के निर्देश दिए।अस्पताल के शौचालयों में ताले लटके मिले। प्रसव के बाद भर्ती महिलाएं बिना चादर के बेड पर लेटी मिलीं। परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी नहीं थी। महानिदेशक ने अस्पताल से बाहर की दवाएं लिखे जाने पर भी नाराजगी जताई।
 
उन्होंने कहा कि सरकार अस्पतालों में 400 से अधिक दवाएं उपलब्ध करा रही है। इसके बावजूद मरीजों को निशुल्क दवाओं का लाभ नहीं मिलना गंभीर मामला है।अस्पताल में तैनात चिकित्सकों के निजी प्रैक्टिस करने की शिकायतों पर उन्होंने स्थानीय इंटेलिजेंस से जांच कराने की बात कही। दोषी मिलने पर संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
 
उन्होंने अस्पताल में आवश्यक स्टाफ उपलब्ध कराने और अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू कराने का भी आश्वासन दिया। महानिदेशक ने सीएचसी अधीक्षक और सीएमओ को कार्यालय तलब कर स्पष्टीकरण मांगने की बात कही। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी में तैनात डॉ. कुमार विमल, फार्मासिस्ट शैलेंद्र कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें