नवीनतम
फीचर्ड
भारत
खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार : योगेंद्र उपाध्याय
केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सेंट जोसेफ ग्रुप की चार दिवसीय ‘स्पर्धा-2026’ का शुभारंभ, मेधावी खिलाड़ियों को मिला नीरू मेमोरियल खेल रत्न सम्मान
लखनऊ। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सशक्त राष्ट्र निर्माण के लिए पढ़ाई के साथ खेल प्रतियोगिताएं भी बेहद जरूरी हैं। खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और लक्ष्य हासिल करने का जज्बा पैदा करते हैं। यह बात उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने रविवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सेंट जोसेफ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की चार दिवसीय नीरू मेमोरियल वार्षिक खेल प्रतियोगिता ‘स्पर्धा-2026’ के उद्घाटन समारोह में कही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मार्च-पास्ट, पाइप और ब्रास बैंड की धुनों तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हुआ। मुख्य अतिथि योगेंद्र उपाध्याय और विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी ने मशाल प्रज्वलित कर तथा शांति के प्रतीक कबूतर और रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
खेलों से विकसित होती है नेतृत्व क्षमता
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का विचार था कि मजबूत भारत का निर्माण खेल के मैदानों से होगा। खेल विद्यार्थियों में शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और सामूहिकता की भावना विकसित करते हैं। प्रधानमंत्री के ‘खेलो इंडिया, खिलेगा इंडिया’ आह्वान से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है। इसका परिणाम है कि भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों के मार्च-पास्ट और बैंड प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है। असफलता मिलने पर निराश होने के बजाय खिलाड़ियों को नए उत्साह के साथ दोबारा प्रयास करना चाहिए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पंक्तियों ‘हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा’ का उल्लेख कर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
योगेंद्र उपाध्याय ने सेंट जोसेफ समूह के शैक्षणिक योगदान की सराहना की। साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रेरणा और प्रदेश सरकार के सहयोग से नीरू मेमोरियल सोसायटी द्वारा स्थापित किए जा रहे निर्माणाधीन ज्ञानशिला विश्वविद्यालय के लिए शुभकामनाएं दीं।
तीन खिलाड़ियों को मिला खेल रत्न सम्मान
समारोह में मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रिशा गुप्ता (सीतापुर रोड शाखा), आयुषी सिंह (रुचिखंड शाखा) और गौरव सरोज (राजाजीपुरम शाखा) को ‘नीरू मेमोरियल खेल रत्न अवार्ड-2026’ प्रदान कर सम्मानित किया।

सेंट जोसेफ समूह की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता अग्रवाल ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। खेल जीवन में संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
क्रिकेट में राजाजीपुरम शाखा ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के पहले दिन क्रिकेट के लीग मुकाबले में राजाजीपुरम शाखा ने सात विकेट पर 102 रन बनाकर रुचिखंड शाखा को पराजित किया। राजाजीपुरम की ओर से आरव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए। वहीं, प्री-सब जूनियर वर्ग की 50 मीटर दौड़ में सीतापुर रोड शाखा के नन्हे धावकों ने शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में सेंट जोसेफ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल, निदेशक नम्रता अग्रवाल, संयुक्त निदेशक सृजन अग्रवाल, स्क्वाड्रन लीडर राखी अग्रवाल, विभिन्न शाखाओं की प्रधानाचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।


Comments