सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया 74वां स्थापना दिवस

वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने साझा किए अनुभव, संगठन की एकजुटता और अधिवक्ता हितों के संरक्षण पर दिया जोर; 2027 में भव्य रूप से मनेगा 75वां स्थापना दिवस ।

Abhinav Shukla Picture
Published On

लखनऊ।  सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन, लखनऊ का 74वां स्थापना दिवस गुरुवार को मीरा बाई मार्ग स्थित राज्य कर भवन के अधिवक्ता कक्ष में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में एसोसिएशन के सैकड़ों अधिवक्ता सदस्यों ने भाग लेकर संगठन की गौरवशाली परंपरा और उपलब्धियों को याद किया। इस दौरान वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, अधिवक्ताओं के हितों के संरक्षण और आपसी एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया।
 
कार्यक्रम में अधिवक्ता राकेश त्यागी ने एसोसिएशन की स्थापना से लेकर अब तक की 74 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए संगठन के इतिहास, विकास और महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता अंजनी कुमार श्रीवास्तव, अशोक राय, सौरभ सिंह गहलौत, परितोष शर्मा, राकेश श्रीवास्तव, अशोक कुमार ओझा, संजय मिश्रा, अतुल सिंह, रवि शंकर राजपूत और विमल कुमार शाक्य समेत अन्य सदस्यों ने अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसकी एकता, आपसी विश्वास और सामूहिक प्रयासों में निहित है।
 
समारोह की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन महामंत्री रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने किया। अध्यक्षीय संबोधन में राजेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि एसोसिएशन की 74 वर्षों की गौरवशाली यात्रा सभी सदस्यों के समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का परिणाम है। वरिष्ठ अधिवक्ताओं का अनुभव संगठन की अमूल्य धरोहर है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने सदस्यों से संगठन की गरिमा और परंपराओं को बनाए रखते हुए अधिवक्ताओं के हित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
 
महामंत्री रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संगठन की विरासत, एकजुटता और सामूहिक जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर है। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों का सहयोग जरूरी है। समारोह के समापन पर मीडिया समिति के चेयरमैन अधिवक्ता राजीव कुमार त्रिवेदी और समिति के सदस्य अधिवक्ता मोहम्मद सलीम ने बताया कि वर्ष 2027 में एसोसिएशन का 75वां स्थापना दिवस विशेष भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां और संगठन के सदस्यों के हित में नई पहल शुरू करने को लेकर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments