नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
कारसेवक गोलीकांड को लेकर अखिलेश पर बरसे भाजपा एमएलसी सुभाष यदुवंश
बोले- अयोध्या जाने से पहले सरयू में स्नान कर कारसेवकों और उनके परिजनों से मांगें माफी
लखनऊ। अयोध्या को सनातन की वैश्विक राजधानी बनाने और वहां विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचे के विकास संबंधी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा एमएलसी सुभाष यदुवंश ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए सपा नेतृत्व पर सवाल उठाए। यदुवंश ने कहा कि भाजपा सरकार में अयोध्या में व्यापक विकास कार्य हुए हैं और भव्य राम मंदिर के निर्माण के बाद यह नगरी वैश्विक स्तर पर धार्मिक पहचान बना चुकी है।
कारसेवक गोलीकांड पर उठाए सवाल
सुभाष यदुवंश ने कहा कि जिस पार्टी की सरकार के कार्यकाल में कारसेवकों पर गोली चलाई गई, उसके नेताओं को आज सनातन और अयोध्या के विकास की बात करते समय उस घटना पर भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने सपा नेताओं रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव और सांसद सनातन पांडेय के कारसेवक गोलीकांड से जुड़े बयानों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव से इस मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।
कृष्ण जन्मभूमि पर मांगा रुख
भाजपा एमएलसी ने अखिलेश यादव को मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी अपना रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष को बताना चाहिए कि इस विषय पर उनकी पार्टी का क्या दृष्टिकोण है। यदुवंश ने आरोप लगाया कि सपा इस मुद्दे पर राजनीतिक कारणों से स्पष्ट बोलने से बचती है।
यदुवंशियों को लेकर सपा पर निशाना
सुभाष यदुवंश ने सपा के सैफई परिवार पर यदुवंशी समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्य सत्ता और महत्वपूर्ण पदों पर रहे, जबकि समाज के अन्य लोगों को अपेक्षित राजनीतिक भागीदारी नहीं मिली।
सरयू में स्नान कर माफी मांगने की कही बात
यदुवंश ने अखिलेश यादव से अयोध्या जाने से पहले सरयू में स्नान कर कारसेवकों और उनके परिजनों से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि अयोध्या का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व सदियों से रहा है तथा भाजपा सरकार ने यहां विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है।


Comments