नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
5600 करोड़ की साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, अंतरराष्ट्रीय गिरोह का वांछित सदस्य कानपुर में गिरफ्तार
14 बैंकों के 72 खातों में हुआ करोड़ों का लेनदेन, देशभर में 86 शिकायतों से खुला ठगी का नेटवर्क
कानपुर। साइबर अपराध के खिलाफ कानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 5600 करोड़ रुपये के संदिग्ध साइबर लेनदेन और देशभर में ठगी के आरोपों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह के एक वांछित सदस्य मोहम्मद आरिफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साइबर क्राइम पुलिस की जांच में गिरोह द्वारा कॉरपोरेट और फर्जी फर्मों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित करने का खुलासा हुआ है।
पुलिस आयुक्त कानपुर नगर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त साइबर, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध एवं सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के दो सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों में कुल 86 साइबर अपराध संबंधी शिकायतें दर्ज पाई गई थीं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों तथा उनके नेटवर्क की महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं। इसी क्रम में वांछित अभियुक्त मोहम्मद आरिफ को 11 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने कानपुर नगर के 14 बैंकों में संचालित 72 बैंक खातों का अवलोकन किया। इन खातों में लगभग 5600 करोड़ रुपये के वित्तीय लेनदेन की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य लोगों को निवेश पर अधिकतम लाभ देने का लालच देकर कानपुर नगर समेत अन्य जनपदों में संचालित फर्जी फर्मों में पैसा जमा कराते थे। इसके बाद ठगी की रकम को विभिन्न पेमेंट प्लेटफॉर्म और बैंक खातों के माध्यम से अलग-अलग खातों में स्थानांतरित कर दिया जाता था, ताकि पुलिस की जांच से बचा जा सके।
इन बैंक खातों की एनसीआरपी पोर्टल पर जांच किए जाने पर देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 86 साइबर अपराध संबंधी शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली। इन शिकायतों में करीब 5600 करोड़ रुपये की अनुमानित धनराशि से जुड़े साइबर अपराध का मामला सामने आया है।
पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शाहबेज वारिस निवासी तिरपाल वाली रोड, पटरी, थाना बेकनगंज तथा सिमान निवासी हलीम कॉलेज के पास, थाना चमनगंज, कानपुर नगर के रूप में बताई है। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में मोहम्मद आरिफ के अलावा इत्तिशाम हुसैन, शाहबेज इलाही, मोहम्मद मुजम्मिल और इखलाख हुसैन की भी तलाश की जा रही है। पुलिस इन आरोपियों के साथ-साथ गिरोह के अन्य सहयोगियों और संबंधित बैंक खातों की भी जांच कर रही है।
इस मामले में साइबर क्राइम थाना कानपुर नगर में मुकदमा संख्या 53/2026 तथा थाना किलाबाजार में मुकदमा संख्या 51/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के पूरे नेटवर्क, फर्जी फर्मों और बैंक खातों से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है।
5600 करोड़ रुपये के लेनदेन से जुड़े इस मामले ने साइबर अपराधियों द्वारा फर्जी कंपनियों और बैंक खातों के इस्तेमाल के बड़े नेटवर्क की गंभीरता उजागर की है। पुलिस की आगे की जांच से इस गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के पूरे तंत्र के बारे में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।
#UPPolice #SwatantraPrabhat #UttarPradeshNews #UttarPradeshPolice #KanpurPolice #CyberFraud #CyberCrime #DigitalFraud #FinancialFraud #CyberSecurity #KanpurCrimeNews #CyberCrimePolice #CyberCrimeInvestigation \#KanpurNews #NCRPPortal #BankFraud #5600CroreFraud #MohammadArif #InternationalCyberGang #CyberFraudNetwork #FakeCompanies #FakeBankAccounts #OnlineInvestmentFraud #InvestmentScam #MoneyLaunderingInvestigation


Comments