मोहनलालगंज में मर्द पार्टी ने 2027 चुनाव का फूंका बिगुल, राम सुमिरन रावत के समर्थन में शुरू किया प्रचार

19 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस पर जारी होगी प्रत्याशियों की दूसरी सूची, पुरुष आयोग के गठन और जेंडर न्यूट्रल कानून को बनाएगी चुनावी मुद्दा 

Abhinav Shukla Picture
Published On

मोहनलालगंज।  उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुरुषों के अधिकारों और सम्मान की आवाज उठाने का दावा करने वाली मेरा अधिकार राष्ट्रीय दल (मर्द पार्टी) ने भी चुनावी मैदान में सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी ने मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र से प्रस्तावित प्रत्याशी राम सुमिरन रावत के समर्थन में गुरुवार को चुनाव प्रचार अभियान का शुभारंभ किया।
 
मोहनलालगंज तहसील के पास स्थित टेंपो स्टैंड से पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने प्रचार अभियान की शुरुआत की। इस दौरान पार्टी नेताओं ने पुरुषों के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और समानता से जुड़े मुद्दों को आगामी चुनाव में प्रमुखता से उठाने की बात कही। पार्टी का कहना है कि दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और अन्य आपराधिक मामलों में कानूनों के कथित दुरुपयोग से कई पुरुषों को सामाजिक और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करने के लिए कानूनी व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जाने चाहिए।
 
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल मोहन चौधरी ने कहा कि पुरुषों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जाता रहा है। उनकी पार्टी जेंडर न्यूट्रल कानून लागू कराने, कथित भेदभावपूर्ण कानूनी प्रावधानों में संशोधन और पुरुष आयोग के गठन की मांग को लेकर संघर्ष कर रही है। उनका कहना है कि कानून सभी नागरिकों के लिए समान होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति के खिलाफ निष्पक्ष जांच के बिना कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
 
पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, मर्द पार्टी वर्ष 2019 से चुनावी राजनीति में सक्रिय है। अब तक पार्टी छह लोकसभा और नौ विधानसभा चुनावों में भागीदारी कर चुकी है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है, जबकि दूसरी सूची 19 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस के अवसर पर जारी की जाएगी।
 
इस बार पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल मोहन चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव आशुतोष कुमार पाण्डेय और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में चुनावी अभियान चला रही है। वहीं प्रदेश चुनाव प्रभारी वाईपी सिंह को संगठनात्मक तैयारियों और चुनावी गतिविधियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
 
मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र की सीट संख्या 176 से प्रस्तावित प्रत्याशी राम सुमिरन रावत के समर्थन में प्रचार शुरू होने के साथ ही पार्टी ने क्षेत्र में अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश की है। पार्टी ने चुनाव प्रचार के लिए 'मरना नहीं, लड़ना है', 'बेटा बचाओ, देश बचाओ' और 'बेटों के सम्मान में, मर्द उतरे मैदान में' जैसे नारे भी तय किए हैं। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि चुनाव लड़ने के साथ-साथ पुरुषों से जुड़े सामाजिक और कानूनी मुद्दों पर जनजागरूकता फैलाना भी उसका उद्देश्य है।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें