पुलिस लाइन चुर्क में धूमधाम से मनाया गया दीपावली महोत्सव
डीआईजी पूनम और एसपी अभिषेक वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, संगीत और आतिशबाजी के बीच पुलिस परिवार ने मनाया त्योहार
राजेश तिवारी ( ब्यूरो)
सोनभद्र। दीपावली की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में दीपावली महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर पूनम और पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

महोत्सव का शुभारंभ डीआईजी पूनम, एसपी अभिषेक वर्मा एवं अपर पुलिस अधीक्षकों सहित अन्य अधिकारियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद आयोजित संगीत कार्यक्रम में मधुर गीतों की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने दीपावली की खुशियां साझा कीं। खासकर बच्चों में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर डीआईजी पूनम और एसपी अभिषेक वर्मा ने पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

अधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों पर भी आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने घर-परिवार से दूर रहकर ड्यूटी करते हैं। ऐसे आयोजन पुलिस परिवार को एक साथ त्योहार मनाने का अवसर देने के साथ आपसी सौहार्द और एकजुटता को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टाक, विभिन्न सर्किलों के क्षेत्राधिकारी, अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
सोनभद्र पुलिस ने जनपदवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।


Comments