सात समंदर पार तक पहुंची दीपोत्सव की गूंज, ऑस्ट्रेलिया से अयोध्या पहुंचे शेन
मलेशिया में भारतीय समुदाय के बीच दिवाली की तैयारियां देखकर रामनगरी आने का बनाया मन, बोले- अयोध्या अद्भुत, यहां महसूस हो रही सकारात्मक ऊर्जा
अयोध्या। अयोध्या के दीपोत्सव की ख्याति अब सात समंदर पार भी लोगों को आकर्षित कर रही है। रामनगरी की भव्यता और दीपोत्सव की तैयारियों को देखने के लिए ऑस्ट्रेलिया से शेन अयोध्या पहुंचे हैं। मलेशिया में भारतीय समुदाय के बीच दिवाली की तैयारियां देखने के दौरान उन्हें अयोध्या के दीपोत्सव के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद उनके मन में रामनगरी आने की इच्छा जागी और वह भारत की आध्यात्मिक यात्रा के दौरान यहां पहुंच गए।
राम की पैड़ी पर बैठकर दीपोत्सव की तैयारियों को निहार रहे शेन यहां की जगमगाती सड़कों, सजे चौक-चौराहों, एलईडी स्क्रीन और धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से खासे प्रभावित हैं। उन्होंने अयोध्या के अनुभव को अद्भुत और अविश्वसनीय बताते हुए कहा कि यहां का वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भरा है। वह इस शहर में खुद को सुरक्षित और सहज महसूस कर रहे हैं।
मलेशिया में सुनी अयोध्या की चर्चा, यहां आने की जगी इच्छा
ऑस्ट्रेलिया निवासी शेन भारत की आध्यात्मिक यात्रा पर निकले हैं। मलेशिया में भारतीय समुदाय के बीच दिवाली की तैयारियां देखकर उन्हें भारतीय संस्कृति और दीपोत्सव के बारे में जानने का अवसर मिला। इसी दौरान अयोध्या की चर्चा सुनकर उन्होंने रामनगरी आने का फैसला किया। शेन ने बताया कि अयोध्या पहुंचकर उन्हें बेहद खुशी हुई। यहां की सजावट और दीपोत्सव की तैयारियां उनकी कल्पना से कहीं अधिक भव्य हैं। उनके लिए यह यात्रा केवल एक उत्सव देखने तक सीमित नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से समझने का अवसर है।
रोशनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
अयोध्या के प्रमुख मार्गों पर आकर्षक रोशनी, चौक-चौराहों की सजावट और विभिन्न स्थानों पर हो रही धार्मिक एवं लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शेन को खूब पसंद आ रही हैं। लता मंगेशकर चौक की सजावट और एलईडी स्क्रीन पर दिखाई जा रही झलकियों ने भी उनका ध्यान खींचा है। उन्होंने कहा कि यहां अलग-अलग संस्कृतियों और परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है। दीपोत्सव के माध्यम से भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत की भव्य झलक सामने आ रही है। शेन ने सुरक्षा व्यवस्था की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया से आने के बावजूद अयोध्या में वह पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनके मुताबिक, यह बेहद सुंदर शहर है और यहां का वातावरण मन को सुकून देता है।
श्रीराम मंदिर के बाद वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर उभरी अयोध्या
शेन सोमवार तक अयोध्या में रहेंगे। दीपोत्सव और दिवाली की भव्यता देखने के बाद वह वाराणसी के लिए रवाना होंगे। श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में विकसित हो रही आधारभूत सुविधाओं, सुसज्जित सड़कों और बड़े सांस्कृतिक आयोजनों ने रामनगरी को वैश्विक पहचान दिलाई है। दीपोत्सव की ख्याति अब देश की सीमाओं से बाहर भी पहुंच रही है और विदेशी पर्यटक यहां की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को देखने आ रहे हैं। मलेशिया में अयोध्या की चर्चा सुनकर ऑस्ट्रेलिया से पहुंचे शेन इस बढ़ते आकर्षण की एक मिसाल हैं।


Comments