धनतेरस पर सितारगंज के बाजारों में उमड़ी भीड़, जेबकतरों ने उड़ाए हजारों रुपये

उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी दिगंबर सती की जेब से 10 हजार रुपये चोरी

हर्षिता यादव  Picture
Published On

सितारगंज।  धनतेरस के पर्व पर शुक्रवार को सितारगंज के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बाजारों में रौनक बनी रही। बर्तन, आभूषण, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। त्योहार के उत्साह में लोग जमकर खरीदारी करते नजर आए। लेकिन बाजारों में उमड़ी भीड़ का फायदा जेबकतरों और चोरों ने भी उठाया। रामलीला मैदान में खरीदारी के लिए पहुंचे कई लोगों को चोरों ने अपना निशाना बनाया। इस दौरान उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी दिगंबर सती की जेब से करीब 10 हजार रुपये चोरी कर लिए गए।
 
दिगंबर सती ने बताया कि वह धनतेरस पर खरीदारी के लिए रामलीला मैदान पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने उनकी जेब काट ली और करीब 10 हजार रुपये निकाल लिए। जेब से रुपये गायब होने का पता चलने पर उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। उन्होंने बताया कि रामलीला मैदान में जेबकतरे जगह-जगह घूम रहे हैं और भीड़ के बीच लोगों की जेबों पर नजर रख रहे हैं।
 
उन्होंने बाजार में खरीदारी करने पहुंच रहे लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। कहा कि त्योहार के दौरान बाजारों में अधिक भीड़ रहती है, ऐसे में लोगों को अपनी जेब और नकदी का विशेष ध्यान रखना चाहिए। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सावधानी बरतें और अनजान लोगों से सतर्क रहें।
 
बताया जा रहा है कि रामलीला मैदान में केवल जेब काटने की घटनाएं ही नहीं हुईं, बल्कि कुछ दुकानदारों का सामान भी चोरी होने की बात सामने आई है। त्योहार के चलते बाजारों में उमड़ी भीड़ के बीच चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और खरीदारी करने पहुंचे लोगों में चिंता बनी हुई है। धनतेरस पर बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जेबकतरों पर निगरानी रखने की जरूरत जताई है।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें