प्रयागराज में 220 करोड़ से बनेगा 10 मेगावाट क्षमता का डेटा सेंटर
एयरटेल एनएक्सट्रा को सरस्वती हाईटेक सिटी में 4.43 एकड़ भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू, करीब 300 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में डिजिटल आधारभूत ढांचे के विस्तार को नई गति मिलने जा रही है। प्रयागराज की सरस्वती हाईटेक सिटी में 220 करोड़ रुपये के निवेश से 10 मेगावाट क्षमता का आधुनिक डेटा सेंटर स्थापित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने इस परियोजना के लिए भारती एयरटेल समूह की कंपनी मेसर्स एयरटेल एनएक्सट्रा प्राइवेट लिमिटेड को पांच नवंबर 2026 को लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) जारी किया है। परियोजना के लिए कंपनी को 4.43 एकड़ भूमि आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसमें प्लॉट संख्या-5 और 7 शामिल हैं।
कंपनी की ओर से इस परियोजना में लगभग 220 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव है। इसके धरातल पर उतरने से करीब 300 लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। साथ ही प्रयागराज में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित गतिविधियों और उनसे जुड़ी व्यावसायिक सेवाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारंपरिक उद्योगों के साथ डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधुनिक तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में भी निवेश बढ़ाने पर जोर दे रही है। सरकार का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में ऐसा औद्योगिक परिवेश तैयार करना है, जहां डेटा प्रबंधन, क्लाउड कंप्यूटिंग, डिजिटल सेवाओं और तकनीकी नवाचार से जुड़े उद्योगों को विस्तार मिल सके। प्रयागराज में प्रस्तावित डेटा सेंटर को इसी दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
एयरटेल एनएक्सट्रा देश में हाइपरस्केल और एज डेटा सेंटर का नेटवर्क संचालित करती है। कंपनी उद्यमों, क्लाउड सेवा प्रदाताओं और विभिन्न संस्थानों को सुरक्षित व विश्वसनीय डेटा सेंटर सेवाएं उपलब्ध कराती है। कंपनी के प्रयागराज में निवेश के प्रस्ताव से क्षेत्र में डेटा स्टोरेज, क्लाउड कंप्यूटिंग और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। इससे तकनीकी और सहायक सेवाओं से जुड़े स्थानीय व्यवसायों के लिए भी नए अवसर खुल सकते हैं।
यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. बलकार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। सरस्वती हाईटेक सिटी में 10 मेगावाट क्षमता के डेटा सेंटर की प्रस्तावित स्थापना प्रदेश में आधुनिक डिजिटल आधारभूत ढांचे के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से प्रयागराज को डेटा सेंटर और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित गतिविधियों के उभरते केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। इससे डेटा स्टोरेज, क्लाउड सेवाओं और डिजिटल तकनीक से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।


Comments