लखनऊ विश्वविद्यालय के विधि संकाय ने कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न के प्रति किया जागरूक
ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यशाला में 40 से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों को दी गई कानूनी प्रावधानों की जानकारी
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के विधि संकाय के प्रो बोनो क्लब की ओर से बुधवार को ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल में कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न के प्रति जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यालय के 40 से अधिक शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में लैंगिक उत्पीड़न से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2013 के प्रावधानों, शिकायत प्रक्रिया और कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन विधि संकाय के प्रो. बोनो क्लब के संकाय प्रभारी प्रो. (डॉ.) आलोक कुमार यादव के मार्गदर्शन में विद्यालय की प्रधानाचार्या रचना मिश्रा के सहयोग से किया गया।
कार्यशाला के दौरान कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न की अवधारणा और उसके विभिन्न स्वरूपों पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों को अधिनियम के उद्देश्य, प्रमुख कानूनी प्रावधानों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था से अवगत कराया गया। साथ ही आंतरिक समिति की भूमिका, नियोक्ता की जिम्मेदारियों और कार्यस्थल पर सम्मानजनक एवं भेदभावमुक्त माहौल बनाए रखने के महत्व को भी समझाया गया।
प्रो बोनो क्लब के सदस्यों ने किया संचालन
कार्यशाला का संचालन प्रो बोनो क्लब की छात्र संयोजक कोमल सिंह ने किया। उनके साथ क्लब के एसोसिएट्स नितिन विश्वकर्मा, अंशुल तिवारी और शिवरंजनी पुंडीर तथा प्रशिक्षु जिज्ञासा श्रीवास्तव, ऋचा तिवारी और शांतनु यादव ने सहभागिता की।
आयोजकों के अनुसार, कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालय के कर्मचारियों को कार्यस्थल पर उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना तथा लैंगिक उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए उपलब्ध कानूनी व्यवस्था की जानकारी देना था।


Comments