28 व 29 नवंबर को सभी बूथों पर चलेगा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान
युवा, महिला और छूटे पात्र मतदाताओं को नाम दर्ज कराने का मिलेगा मौका, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ
राजेश तिवारी ( ब्यूरो)
सोनभद्र। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत मतदाता सूची में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 28 और 29 नवंबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं के आवेदन प्राप्त करेंगे।

अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करना है। इसके साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम एवं अन्य विवरणों की जांच और आवश्यक संशोधन का भी अवसर मिलेगा।
अभियान के दौरान नया नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6, प्रवासी निर्वाचक के नाम पंजीकरण के लिए फार्म-6क, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फार्म-7 तथा निवास परिवर्तन, विवरण संशोधन, ईपीआईसी प्रतिस्थापन और दिव्यांगजन चिन्हांकन के लिए फार्म-8 जमा किए जा सकेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि वे 28 एवं 29 नवंबर को अपने निर्धारित बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन करें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है अथवा विवरण में संशोधन की आवश्यकता है, तो संबंधित बीएलओ को निर्धारित फार्म उपलब्ध कराकर आवेदन जमा करें।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना आवश्यक है। इसलिए सभी नागरिक विशेष अभियान का लाभ उठाएं और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।


Comments