संदिग्ध हालात में किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान, इलाज के दौरान मौत
बिंदौवा गांव में घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी मिली 17 वर्षीय रुचि, मौत की वजह स्पष्ट नहीं
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के बिंदौवा गांव में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में 17 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगा ली। गंभीर हालत में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहनलालगंज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोरी की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान बिंदौवा गांव निवासी गंगाराम की पुत्री रुचि के रूप में हुई है। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे सीएचसी से पुलिस को घटना की सूचना मिली। परिजनों ने बताया कि रुचि ने घर के कमरे में छत के कुंडे से लाल रंग के दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली थी। जानकारी होने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सूचना पर उपनिरीक्षक अरुण कुमार पुलिस टीम के साथ सीएचसी पहुंचे और घटना के संबंध में परिजनों से जानकारी जुटाई। रुचि चार बहनों में सबसे छोटी थी। किशोरी ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मोहनलालगंज इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पुलिस नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई कर रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
#UPNews #BreakingNews #PoliceInvestigation #CrimeNews #LocalNews #SwatantraPrabhat #UttarPradesh #UttarPradeshNews #PoliceAction #LucknowNews #UnnaturalDeath #LucknowLatestNews #LucknowPolice #MohanlalganjPolice \#Mohanlalganj #BindauwaVillage #TeenageGirlDeath #TeenageDeath #CHCMohanlalganj #DistrictNews


Comments