सहकारिता से समृद्धि का मंत्र अपनाएं किसान, सामूहिक प्रयासों से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था

तीन सहकारी समितियों में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम,  किसानों को सरकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं की दी गई जानकारी आधुनिक खेती,

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज। (दीपक भारद्वाज) किसानों को सहकारिता के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को क्षेत्र की तीन सहकारी समितियों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को सहकारिता के महत्व, सरकारी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं और कृषि से जुड़े नए अवसरों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने किसानों से संगठित होकर सहकारी समितियों का लाभ उठाने और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का आह्वान किया।
 
बहुउद्देशीय दक्षिणी सितारगंज किसान सहकारी समिति लिमिटेड, क्रय-विक्रय सहकारी समिति तथा बिरिया दीर्घ सहकारी समिति में आयोजित स्केलिंग अप कार्यक्रम में सहकारी प्रबंध संस्थान देहरादून के व्याख्याता डॉ. अतुल भारद्वाज ने किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल लेन-देन या व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों के आर्थिक और सामाजिक विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। 
 
डॉ. भारद्वाज ने किसानों को सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल सेवाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोग विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने, आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने और अन्य जनसुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। डिजिटल सेवाओं की उपलब्धता से ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूरस्थ कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।  बाजार की मांग को ध्यान में रखकर फसलों का चयन करने और आय के वैकल्पिक स्रोत विकसित करने से किसानों को आर्थिक लाभ मिल सकता है। इसके साथ ही खेती में नई तकनीकों का उपयोग करने से उत्पादन क्षमता बढ़ाने और लागत को नियंत्रित करने में भी मदद मिल सकती है।
 
उन्होंने कहा कि सहकारी समितियां किसानों और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करती हैं। इनके माध्यम से किसानों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें प्रशिक्षण और आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता के प्रति जागरूकता बढ़ने से किसानों को सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की दिशा में सकारात्मक बदलाव आएगा।
 
कार्यक्रम में क्रय-विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष आदेश ठाकुर, प्रबंध निदेशक शुभम त्यागी, समिति सचिव कुलविंदर सहित तीनों सहकारी समितियों से जुड़े पदाधिकारी, कर्मचारी और किसान मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें