प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अमेठी में मतदाता पुनरीक्षण एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की
पात्र नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं का नाम मतदाता सूची में प्राथमिकता से शामिल कराने के दिए निर्देश निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कोर्ट परिसर का किया स्थलीय निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
अमेठी। राज्य मंत्री महिला कल्याण एवं बाल विकास तथा पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जनपद की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने शुक्रवार को अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया।
इस दौरान उन्होंने पीडब्ल्यूडी निरीक्षण भवन में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ जिला कोर कमेटी की बैठक की। इसके उपरांत विकास भवन सभागार में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान एवं जनपद की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में प्रभारी मंत्री ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का नाम प्राथमिकता के आधार पर मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। इसके साथ ही महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। बीएलओ एवं संबंधित अधिकारी घर-घर संपर्क कर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करें तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 17 नवंबर 2026 को निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन किया गया है। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है, जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाना प्रस्तावित है। प्रभारी मंत्री ने अभियान को गंभीरता से संचालित करते हुए अधिकाधिक पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में हत्या, लूट, महिला उत्पीड़न, दुष्कर्म, अपहरण, पॉक्सो एक्ट, गुंडा एक्ट, अनुसूचित जाति एवं जनजाति उत्पीड़न, लंबित विवेचनाओं तथा गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने गंभीर अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने तथा महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस विभाग को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कोर्ट परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वप्रथम दीवानी न्यायालय के मॉडल का अवलोकन किया तथा परियोजना के अंतर्गत कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराए जाएं। इस अवसर पर कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-2 अयोध्या के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्रा ने बताया कि इंटीग्रेटेड कोर्ट परिसर का निर्माण लगभग 220 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इस अत्याधुनिक परिसर में 17 कोर्ट रूम, अधिवक्ताओं के लिए चैंबर, सुरक्षा ब्लॉक, आवासीय परिसर, पार्किंग सुविधा एवं हरित क्षेत्र सहित विभिन्न आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। परियोजना को 30 अप्रैल 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने नवीन कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परिसर में व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पाए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने सरकारी कार्यालयों में बेहतर कार्य वातावरण, साफ-सफाई एवं जनसामान्य को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। प्रभारी मंत्री ने विधानसभा क्षेत्र तिलोई के विकासखंड बहादुरपुर अंतर्गत ग्राम मोहना पहुंचकर डॉ. बी.आर. अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास एवं पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर में डॉ. बी.आर. अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के कार्यों का शिलान्यास किया गया था। इसी क्रम में जनपद अमेठी में भी बाबा साहब की प्रतिमाओं से संबंधित 40 स्थलों का चयन किया गया है, जहां सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य कराए जाएंगे। ग्राम मोहना में आज इसी क्रम में शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण एवं उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा आवास, पेयजल, राशन, शौचालय सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। ग्राम मोहना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने उपस्थित जनसामान्य से जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में नागरिकों को स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने का अवसर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परिवार से संबंधित विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। स्वगणना पूर्ण होने पर एक विशिष्ट एसई आईडी प्राप्त होगी, जिसे बाद में घर पहुंचने वाले प्रगणक को दिखाना होगा। प्रभारी मंत्री ने सभी नागरिकों से स्वगणना में भाग लेकर जनगणना कार्य में सहयोग करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित बीएलओ से मतदाता पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि गांव के प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपेक्षा की। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी शशांक चौधरी, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमृता सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, परियोजना निदेशक डीआरडीए ऐश्वर्य यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
#YOGIADITYANATH #UPPolice #LawAndOrder #SwatantraPrabhat #UttarPradeshNews #UPDevelopment #AmethiNews #CrimeControl #GovernmentSchemes #Election2027 #VoterRegistration #VoterListRevision #Census2027 #SelfEnumeration #SpecialSummaryRevision #WomenVoters \#Amethi #ConstitutionDay #PratibhaShukla #IntegratedCourtComplex #CourtConstruction #JudicialInfrastructure #AmbedkarStatue #BRAmbedkar #AmbedkarDevelopmentScheme


Comments