फीचर्ड
राजनीति
भारत
अटल शिक्षक नियुक्ति का आदेश फर्जी, जिला पंचायत ने किया सतर्क
मातृभूमि योजना के तहत ‘अटल मुक्त शिक्षा साथी’ योजना के नाम पर फैलाया जा रहा भ्रामक आदेश, नियुक्ति के नाम पर धनराशि और दस्तावेज न देने की अपील
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र। मातृभूमि योजना के अंतर्गत ‘अटल मुक्त शिक्षा साथी’ योजना में अटल शिक्षक/अटल शिक्षिका की नियुक्ति संबंधी आदेश को जिला पंचायत सोनभद्र ने पूर्णतः फर्जी एवं कूटरचित बताया है। जिला पंचायत ने आमजनमानस से इस आदेश पर विश्वास न करने तथा धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की है।

अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि 26 नवंबर को दूरभाष के माध्यम से जानकारी मिली कि विशेष सचिव, पंचायती राज विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के नाम से पत्र संख्या 3482/पं.रा.वि./2026, दिनांक 22 अक्टूबर 2026 जारी किया गया है। इसमें मातृभूमि योजना के अंतर्गत ‘अटल मुक्त शिक्षा साथी’ योजना में प्राथमिक स्तर पर अटल शिक्षक एवं अटल शिक्षिका की नियुक्ति के निर्देश दिए जाने का दावा किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त पत्र पूरी तरह फर्जी एवं कूटरचित है। अराजक तत्वों द्वारा जालसाजी कर इस प्रकार का आदेश जारी किया गया है, जिसका उद्देश्य शासन की छवि धूमिल करना और आमजन को भ्रमित करना है।
जिला पंचायत ने लोगों से अपील की है कि इस फर्जी आदेश के आधार पर नियुक्ति संबंधी किसी भी सूचना पर विश्वास न करें और किसी के बहकावे में आकर धनराशि अथवा व्यक्तिगत दस्तावेज उपलब्ध न कराएं। शासनादेश एवं नियुक्ति संबंधी सूचनाओं की पुष्टि केवल अधिकृत सरकारी माध्यमों से ही करें, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।


Comments