श्रीभूमि जिले के कृष्णनगर मॉडल विलेज परियोजना की रफ्तार पर सवाल, एक वर्ष से अधिक समय से विकास कार्य ठप होने का आरोप।

पांच करोड़ रुपये की परियोजना में पहले वर्ष करीब एक करोड़ के कार्य पूरे, शेष चार करोड़ के विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

Abhinav Shukla Picture
Published On

श्रीभूमि संवाददाता |
 
स्वतंत्र प्रभात :
 
वर्तमान सरकार जहां ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प के साथ राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति देने की बात कर रही है, वहीं असम के श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत दरगारबंद ग्राम पंचायत के कृष्णनगर और छनटिला इलाके में मॉडल विलेज परियोजना की प्रगति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आदर्श ग्राम का दर्जा मिलने के बावजूद अपेक्षित विकास नहीं होने का आरोप लगाते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई है।
 
जानकारी के अनुसार, असम सरकार की AAGY (Axom Adarxo Gram Yojana) यानी असम आदर्श ग्राम योजना के तहत कृष्णनगर और छनटिला गांवों को मिलाकर एक मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने की पहल की गई थी। इस परियोजना का उद्देश्य चयनित गांवों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर आत्मनिर्भर और विकसित बनाना है। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि योजना की शुरुआत के बाद शुरुआती उत्साह के बावजूद विकास कार्यों की गति अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सकी है।
 
ग्रामीणों के अनुसार, मॉडल विलेज के समग्र विकास के लिए कुल पांच करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की गई थी। पहले छह महीनों में लगभग 49 लाख रुपये तथा अगले छह महीनों में करीब 49 लाख रुपये के विकास कार्य पूरे किए गए। इस प्रकार परियोजना के पहले वर्ष में लगभग एक करोड़ रुपये के कार्य संपन्न हुए। हालांकि, शेष करीब चार करोड़ रुपये की राशि से प्रस्तावित विकास कार्य अब तक पूरे नहीं हो सके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक वर्ष से अधिक समय से विकास कार्यों की गति लगभग ठप पड़ी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, मोबाइल नेटवर्क, स्वास्थ्य उपकेंद्र और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में अब तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
 
जल जीवन मिशन के तहत पेयजल सेवा को लेकर भी कई समस्याएं बनी हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मॉडल विलेज का दर्जा मिलने के बाद क्षेत्र के समग्र विकास की उम्मीद जगी थी, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित बदलाव दिखाई नहीं दे रहा है। इसके अलावा, लगभग 40 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित ऑडिटोरियम का निर्माण भी अब तक शुरू नहीं होने का मामला चर्चा में है। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले वर्ष इस निर्माण की योजना बनाई गई थी, लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में लोगों ने सवाल उठाया है कि ऑडिटोरियम का निर्माण आखिर कब शुरू होगा और इसके लिए निर्धारित राशि की वर्तमान स्थिति क्या है. ग्रामीणों ने पांच करोड़ रुपये की विकास परियोजना के तहत अब तक हुए खर्च और शेष राशि का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की है।
 
उनका कहना है कि कुल कितनी राशि आवंटित हुई, कितनी खर्च की गई, कितनी शेष है तथा किस मद में कितनी राशि निर्धारित की गई है, इसकी स्पष्ट जानकारी संबंधित विभाग को सार्वजनिक करनी चाहिए। साथ ही अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने के लिए निश्चित समयसीमा घोषित करने की मांग भी उठाई गई है।
 
मॉडल विलेज कृष्णनगर और छनटिला के प्रभावित ग्रामीणों ने भारत के लोकप्रिय प्रधानमंत्री तथा असम के मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें केवल कागजों पर मॉडल विलेज की पहचान नहीं चाहिए, बल्कि धरातल पर वास्तविक विकास, बेहतर बुनियादी सुविधाएं और सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ चाहिए।
 
अब क्षेत्रवासियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि पांच करोड़ रुपये की AAGY विकास परियोजना के शेष कार्य कब शुरू होंगे. लगभग एक करोड़ रुपये के कार्य पूरे होने के बाद बाकी चार करोड़ रुपये की राशि से प्रस्तावित विकास योजनाओं को कब गति मिलेगी? मॉडल विलेज का वास्तविक लाभ कृष्णनगर और छनटिला के लोगों तक कब पहुंचेगा.
 
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग और जिला प्रशासन ग्रामीणों की इन मांगों पर क्या कदम उठाते हैं तथा सरकार इस बहुप्रतीक्षित विकास परियोजना को पूरा करने के लिए कब तक ठोस पहल करती है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें