फीचर्ड
राजनीति
भारत
बिना वैध लाइसेंस चल रहे मेडिकल संस्थान पर छापेमारी, 85 हजार की 161 प्रकार की दवाएं जब्त
चार संदिग्ध औषधियों को जांच एवं विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेजने की तैयारी, औषधि निरीक्षकों की टीम ने पुलिस बल के साथ की कार्रवाई
बसंतपुर (सुपौल)। प्रखंड क्षेत्र के संस्कृत निर्मली में बिना वैध लाइसेंस के संचालित महेश मेडिकल हॉल पर औषधि विभाग की टीम ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान संस्थान से 161 प्रकार की औषधियां जब्त की गईं। जब्त दवाओं का अनुमानित मूल्य करीब 85 हजार रुपये बताया गया है। कार्रवाई निदेशालय, पटना से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई।
छापेमारी के दौरान टीम ने दवाओं की जांच की और चार संदिग्ध औषधियों को चिह्नित किया। इन औषधियों को जांच एवं विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, ताकि उनकी गुणवत्ता और वैधता की जांच हो सके।
कार्रवाई में औषधि निरीक्षक डॉ. वसीम अख्तर, मो. सरफराज आलम एवं पूजा कुमारी शामिल थीं। टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद था। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस के दवा का कारोबार करने वाले संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
औषधि विभाग की इस कार्रवाई को अवैध रूप से दवा कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


Comments