फीचर्ड
राजनीति
भारत
निजी डग्गामार बसों के संचालन से रोडवेज को भारी नुकसान, कर्मचारियों ने धरना देकर उठाई आवाज
बस्ती। बस्ती जिले के.उत्तर प्रदेश परिवहन निगम को निजी डग्गामार बसों के अवैध संचालन से हो रहे आर्थिक नुकसान और कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को बस्ती डिपो में रोडवेज कर्मचारियों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के तत्वावधान में आयोजित धरने का आयोजन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) कल्पना श्रीवास्तव को सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी 16 दिसम्बर को क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय गोरखपुर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
धरने को संबोधित करते हुए रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांतीय संगठन मंत्री अभिनव श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार की निगम विरोधी नीतियों के चलते कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर हैं। पूर्व में कई बार प्रदर्शन किए गए और निगम प्रबंधन तथा उत्तर प्रदेश शासन के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी हुई, लेकिन उसका कोई सार्थक परिणाम सामने नहीं आया। ऐसे में कर्मचारियों को अपने अधिकारों और निगम के हितों की रक्षा के लिए एक बार फिर आवाज बुलंद करनी पड़ रही है।
संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि की मांग
कर्मचारियों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में संविदा चालकों, परिचालकों और आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि करने तथा उनके चरणबद्ध नियमितीकरण की मांग प्रमुखता से उठाई गई। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से सेवाएं देने के बावजूद संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को अपेक्षित सुविधाएं एवं सुरक्षा नहीं मिल पा रही हैं।
निजी बसों के अवैध संचालन से निगम को आर्थिक नुकसान
धरने में राष्ट्रीयकृत मार्गों पर धड़ल्ले से हो रही डग्गामारी और परमिट की आड़ में निजी बसों के अवैध संचालन का मुद्दा भी उठाया गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि निजी बस संचालकों की मनमानी से उत्तर प्रदेश परिवहन निगम को भारी आर्थिक क्षति हो रही है। इस पर प्रभावी रोक लगाने और राष्ट्रीयकृत मार्गों पर निगम की व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई।
कर्मचारियों ने यह भी कहा कि निजी बसों की तुलना में निगम की बसों पर तीन गुना टैक्स का बोझ होने के कारण यात्री किराये में अपेक्षित कमी करना संभव नहीं हो पा रहा है। इससे निगम को प्रतिस्पर्धा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने परिवहन निगम और निजी बस संचालकों के बीच कर व्यवस्था में समानता लाने तथा अवैध बस संचालन पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
एकजुट होकर निर्णायक संघर्ष का आह्वान
बस्ती डिपो में आयोजित धरने की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने की। इस दौरान रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर क्षेत्र के संरक्षक तिलकराम दूबे ने परिषद की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कर्मचारियों से संगठन के बैनर तले एकजुट होकर समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर कर्मचारियों की मांगों पर विचार कर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो परिषद के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर निर्णायक संघर्ष करेंगे। उन्होंने कर्मचारियों से आगामी आंदोलन को सफल बनाने के लिए अभी से तैयार रहने की अपील की।
धरना-प्रदर्शन में सुनील कुमार गौड़, आतोष सिंह, राजेश कुमार, अजीत पाल, अमित पाल, विनोद सिंह, पंकज सिंह, श्याममूर्ति शुक्ला, विनेश कुमार, अपर्णा सिंह, अंकिता पाठक, अश्वनी निराला, गंगा प्रसाद, जवाहर वर्मा सहित बड़ी संख्या में रोडवेज कर्मचारी उपस्थित रहे।
#UPNews #SwatantraPrabhat #Basti #BastiNews #UttarPradeshNews #UPRoadways #DharnaPradarshan #EmployeeDemands #EmployeeProtest #TransportCorporation #TransportEmployees #ContractEmployees #RoadwaysEmployees #RoadwaysEmployeeProtest #UPTransportCorporation #RoadwaysWorkers #OutsourceEmployees #SalaryIncrease #PrivateBuses #IllegalBusOperation #BusPermit #NationalizedRoutes #GorakhpurRegion #BastiDepot #BastiRoadways


Comments