फीचर्ड
राजनीति
नाबालिग के अपहरण में दोषी अजीत कुमार को आठ वर्ष का कठोर कारावास
25 हजार रुपये अर्थदंड, भुगतान नहीं करने पर दो माह की अतिरिक्त कैद
ब्यूरो रिपोर्ट
सोनभद्र। करीब छह वर्ष पूर्व 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी/सीएडब्ल्यू बिपिन कुमार तृतीय की अदालत ने गुरुवार को दोषी अजीत कुमार को आठ वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने दोषी पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर उसे दो माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बिताई गई अवधि सजा में समायोजित की जाएगी।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, हाथीनाला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता के पिता ने 13 नवंबर 2020 को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनकी 13 वर्षीय बेटी को 10 नवंबर 2020 की रात करीब 10 बजे अजीत कुमार पुत्र अम्बिका प्रसाद निवासी बेलहत्थी टोला रानीताली, थाना हाथीनाला बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। आरोपित उनकी बेटी से चोरी-छिपे मोबाइल पर बातचीत भी करता था। काफी खोजबीन के बाद भी बेटी का पता नहीं चलने पर उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
तहरीर के आधार पर हाथीनाला पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर विवेचक ने न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया। मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं की दलीलें, गवाहों के बयान और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने अजीत कुमार को दोषसिद्ध करार देते हुए आठ वर्ष के कठोर कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अभियोजन पक्ष की ओर से सरकारी अधिवक्ता सत्यप्रकाश तिवारी ने पैरवी की।


Comments