फीचर्ड
राजनीति
भारत
बीजपुर :महुआबारी की पहाड़ियों पर मशीनों का कहर, रात के अंधेरे में हो रही कटाई
मटिहनी के बाद अब सिरसोती की पहाड़ियों पर माफियाओं की नजर, राख बंधे पर भेजी जा रही मिट्टी; विद्युत टावरों पर मंडराया खतरा
संतोष कुमार गुप्ता ( संवाददाता)
बीजपुर (सोनभद्र)। रेणुकूट वन प्रभाग के जरहां वन रेंज अंतर्गत सिरसोती गांव के महुआबारी क्षेत्र में पहाड़ियों की कटाई और हरियाली उजाड़ने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रात के अंधेरे में भारी मशीनें लगाकर पहाड़ों की मिट्टी निकाली जा रही है और उसे राख बंधे पर भेजा जा रहा है। इस गतिविधि से जहां पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं पहाड़ियों पर स्थापित बड़े विद्युत टावरों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
मटिहनी के बाद महुआबारी पर नजर
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, डोडहर गांव के मटिहनी क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से पहाड़ों की कटाई कर उन्हें समतल किया जाता रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में पेड़-पौधे और प्राकृतिक हरियाली नष्ट हुई। अब कथित तौर पर मिट्टी और राख से जुड़े कारोबारियों की नजर सिरसोती के महुआबारी क्षेत्र की पहाड़ियों पर है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां भी रात में मशीनें लगाकर पहाड़ों को काटने और हरे-भरे पेड़ों को नुकसान पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
पहाड़ काटकर गड्ढों में भरी जा रही राख
ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ियों को काटकर बड़े-बड़े गड्ढे बनाए जा रहे हैं, जिनमें राख भरने का काम होता है। वहीं पहाड़ों से निकाली गई मिट्टी को राख बंधे तक पहुंचाया जा रहा है। रातभर भारी मशीनों की गड़गड़ाहट और मिट्टी लदे वाहनों की आवाजाही से क्षेत्र का प्राकृतिक संतुलन प्रभावित हो रहा है।
विद्युत टावरों की सुरक्षा पर भी खतरा
मामले का सबसे गंभीर पहलू यह है कि पहाड़ियों पर स्थापित बड़े विद्युत टावरों के आसपास और नीचे से भी मिट्टी निकाले जाने का आरोप है। इससे टावरों की नींव कमजोर होने और भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल जांच कराकर पहाड़ियों की अवैध कटाई और मिट्टी के परिवहन पर रोक लगाने की मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई : क्षेत्रीय वनाधिकारी
इस संबंध में जरहा वन रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि ठेकेदार की ओर से राख पाटने के लिए अनुमति ली गई है। हालांकि, यदि अनुमति की आड़ में मिट्टी की अवैध कटिंग की जा रही है तो मामले की जांच कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Comments