मोहम्मद शादाब का उत्तर प्रदेश पीएसी में चयन, परिवार में खुशी की लहर

गांव बकैनिया में जश्न का माहौल, पिता ने बांटी मिठाई, गणमान्य लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर किया सम्मानित

Abhinav Shukla Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात
 
बरेली/सैंथल, 
 
क्षेत्र के गांव बकैनिया निवासी मोहम्मद उमर के पुत्र मोहम्मद शादाब का उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) में चयन होने पर परिवार सहित पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। शादाब की इस उपलब्धि से परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
 
मोहम्मद शादाब के चयन की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। सभी ने शादाब की इस कामयाबी पर खुशी जाहिर करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
 
स्वागत एवं बधाई देने वालों में समाजसेवी सिराज अहमद अंसारी, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष देवेश सागर, भाजपा नेता डॉ. ख्वाज अहमद अंसारी, शरीफ अहमद, अजीम अंसारी, मोहम्मद फहीम अंसारी, रियासत हुसैन, मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद आमिर, अब्बास अहमद, सगीर अहमद, मोहम्मद फिरोज और कोटेदार इलियास अहमद अंसारी सहित अन्य लोग शामिल रहे। सभी ने मोहम्मद शादाब को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर उनकी हौसला अफजाई की।
 
वहीं, बेटे की इस कामयाबी से गदगद पिता मोहम्मद उमर ने गांव में मिठाई वितरित कर अपनी खुशी का इजहार किया। ग्रामीणों ने कहा कि मोहम्मद शादाब की सफलता से गांव का मान बढ़ा है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
 
 
2.उठो देव, बैठो देव, पावनियां चटकावो देव के जयघोष से जागे देवता, शुभ एवं मांगलिक कार्यों का हुआ शुभारंभ
स्वतंत्र प्रभात  विश्व देव राठौर 
 
बरेली/ देवोत्थान या प्रबोधिनी एकादशी का पर्व नगर में श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को मनाए जाने वाले इस पर्व का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा के बाद इसी दिन जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक एवं शुभ कार्यों का शुभारंभ हो जाता है।
 
देवोत्थान एकादशी को लेकर घरों में सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गईं। महिलाओं ने परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर नई फसल के प्रतीक गन्ने की पूजा की गई। इसके साथ ही सिंघाड़ा, मूली, शकरकंद, रुई, घी, शक्कर, दाल-चावल आदि पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान विष्णु की आराधना की गई। कई घरों में पारंपरिक मान्यता के अनुसार धनुष-बाण की आकृतियां भी बनाई गईं।
 
पूजा के दौरान घरों में पारंपरिक लोकगीत "उठो देव, बैठो देव, पावनियां चटकावो देव" गूंजते रहे। इस गीत के माध्यम से भगवान विष्णु सहित समस्त देवताओं को जगाने की परंपरा निभाई गई। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवोत्थान एकादशी के बाद ही हिंदू समाज में विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन, सगाई सहित अन्य मांगलिक कार्यक्रमों की शुरुआत होती है। इसी दिन से शादी-विवाह के आयोजनों को लेकर भी तैयारियां तेज हो जाती हैं और बाजारों में रौनक बढ़ने लगती है।
 
देवोत्थान एकादशी का पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और नई फसल के स्वागत से भी जुड़ा हुआ है। पीढ़ियों से चली आ रही इन परंपराओं के माध्यम से आज भी लोग अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए हैं।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें