नवीनतम
फीचर्ड
भारत
डिजिटल सशक्तीकरण से बदली युवाओं की तकदीर, तीन करोड़ लोगों तक पहुंचा योजना का प्रभाव
आईआईएम लखनऊ के स्वतंत्र अध्ययन में खुलासा, 46 प्रतिशत परिवारों को पहली बार मिला डिजिटल उपकरण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने की स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना का असर अब शिक्षा के साथ सामाजिक सशक्तीकरण और आर्थिक समावेशन के क्षेत्र में भी दिखाई दे रहा है। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), लखनऊ के स्वतंत्र प्रभाव आकलन में योजना के व्यापक सामाजिक और शैक्षणिक परिणाम सामने आए हैं। मार्च 2026 तक के आंकड़ों पर आधारित इस अध्ययन के अनुसार, योजना से प्रत्यक्ष रूप से वितरित डिजिटल उपकरणों का संभावित पारिवारिक लाभ करीब तीन करोड़ लोगों तक पहुंचा है।
तीन करोड़ लोगों तक पहुंचा योजना का प्रभाव
अध्ययन के मुताबिक, मार्च 2026 तक प्रदेश में करीब 60 लाख स्मार्ट उपकरण वितरित किए गए। इनमें 37.19 लाख स्मार्टफोन और 22.61 लाख टैबलेट शामिल हैं। परिवार में औसतन पांच सदस्य मानने के आधार पर अध्ययन ने इन उपकरणों का संभावित पारिवारिक प्रभाव करीब तीन करोड़ लोगों तक आंका है। इसका लाभ विद्यार्थियों के साथ उनके परिवार के अन्य सदस्यों को भी मिल रहा है।
अध्ययन में योजना के समावेशी स्वरूप को भी रेखांकित किया गया है। बड़ी संख्या में लाभार्थी ऐसे परिवारों से हैं, जिनकी वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम है। सर्वेक्षण में शामिल 4,414 परिवारों में से 2,019 यानी 45.7 प्रतिशत परिवारों को योजना के माध्यम से पहली बार स्मार्ट डिजिटल उपकरण मिला। इससे उन परिवारों की डिजिटल संसाधनों तक पहुंच बढ़ी है, जो आर्थिक कारणों से पहले ऐसे उपकरण नहीं खरीद सके थे।
टैबलेट उपयोग करने वाले विद्यार्थियों के बेहतर परिणाम
अध्ययन में टैबलेट और स्मार्टफोन से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के परिणामों की तुलना भी की गई। इसमें टैबलेट उपयोगकर्ताओं ने सीखने की क्षमता, करियर संबंधी आकांक्षाओं, योजना के प्रति संतुष्टि, सशक्तीकरण और नेतृत्व क्षमता सहित आठ मानकों पर बेहतर प्रदर्शन किया। इन मानकों पर मिले परिणाम सांख्यिकीय रूप से भी उल्लेखनीय पाए गए। अध्ययन के अनुसार, उच्च शिक्षा, तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में टैबलेट अधिक उपयोगी साबित हो रहे हैं।
महिला लाभार्थियों के सशक्तीकरण में भी सकारात्मक असर
अध्ययन में महिला लाभार्थियों के प्रदर्शन को भी महत्वपूर्ण बताया गया है। शैक्षणिक उपलब्धि, सामाजिक एवं राजनीतिक सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता, दक्षता और स्वयं निर्णय लेने की क्षमता जैसे मानकों पर महिलाओं ने पुरुष लाभार्थियों की तुलना में बेहतर परिणाम दर्ज किए। इससे संकेत मिलता है कि डिजिटल उपकरण बेटियों के लिए पढ़ाई के साथ आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी बढ़ाने का माध्यम भी बन रहे हैं।
डिजिटल उपयोग बढ़ा, परिवारों को भी मिल रहा लाभ
सर्वेक्षण के अनुसार, 43.5 प्रतिशत से अधिक लाभार्थी प्रतिमाह पांच जीबी से ज्यादा इंटरनेट डेटा का उपयोग कर रहे हैं। अभिभावकों ने बताया कि डिजिटल उपकरणों का इस्तेमाल परिवार के अन्य सदस्य भी ई-गवर्नेंस, डिजिटल भुगतान और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कर रहे हैं। शिक्षकों और प्राचार्यों ने कक्षा में विद्यार्थियों की सहभागिता तथा स्वतंत्र रूप से सीखने की क्षमता में सकारात्मक बदलाव की जानकारी दी। अध्ययन में कक्षा सहभागिता और स्वतंत्र अध्ययन के लिए 5 में से 4.53 की उच्च रेटिंग दर्ज की गई।
योजना को और प्रभावी बनाने के लिए दस सुझाव
आईआईएम लखनऊ की अध्ययन टीम ने योजना के दीर्घकालिक प्रभाव को बढ़ाने के लिए दस रणनीतिक सुझाव दिए हैं। इनमें उच्च शिक्षा और तकनीकी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को प्राथमिकता से टैबलेट देना, पहली बार डिजिटल उपकरण पाने वाले परिवारों को वरीयता, डिजिटल उपयोग के संतुलित तौर-तरीकों का प्रशिक्षण, शिक्षकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना और शिक्षण संस्थानों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराना शामिल है। इसके अलावा ई-लर्निंग मंचों के विस्तार और योजना के नियमित प्रभाव आकलन की भी संस्तुति की गई है।


Comments