नवीनतम
फीचर्ड
भारत
26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र: योगी
25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ, लखनऊ मंडल के 300 से अधिक शिक्षण संस्थानों के 50 हजार विद्यार्थियों को मिले टैबलेट
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 से अधिक शिक्षण संस्थानों के 50 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हाथ में आया टैबलेट केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि उनका भविष्य सुरक्षित करने की कुंजी है। इसका उपयोग ज्ञान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक निशुल्क पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं। युवा योग, गणित, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डीप टेक सहित अनेक विषयों की पढ़ाई कर सकते हैं। इसके साथ ही 'युवा साथी' ऐप के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी।
योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। आगामी 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। सरकार ने युवाओं की जरूरत और मांग को देखते हुए स्मार्टफोन के स्थान पर टैबलेट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। पहले चरण में करीब 60 लाख विद्यार्थियों को डिजिटल उपकरण दिए जा चुके हैं।
टैबलेट में 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रम, योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि टैबलेट में छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित कई सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रतिवर्ष दो लाख से अधिक विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित के स्नातक तैयार कर रहा है। इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्यों में शामिल है। टाटा, सैमसंग, हिंदुजा और एचसीएल जैसी कंपनियां युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करने में सहयोग कर रही हैं।
बिरसा मुंडा और स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का किया उल्लेख
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि महज 25 वर्ष की उम्र में बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती देकर स्वाधीनता का शंखनाद किया था। उन्होंने मातृभूमि, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। आज उसी संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप नए भारत का निर्माण किया जा रहा है।
योगी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्हीं के नाम पर युवा सशक्तीकरण योजना शुरू की गई। 25 दिसंबर 2021 को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर शुरू हुई इस योजना का उद्देश्य कोरोना काल में भी विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षाओं को बाधित होने से बचाना था। इसी के तहत दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का लक्ष्य रखा गया।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है। देश की करीब 56 प्रतिशत आबादी युवा है, जबकि उत्तर प्रदेश में युवाओं की हिस्सेदारी 56 से 60 प्रतिशत के बीच है। मुख्यमंत्री ने भगवान राम, भगवान कृष्ण, महात्मा बुद्ध, आदि शंकराचार्य, गुरु गोविंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और चंद्रशेखर आजाद सहित महापुरुषों का उदाहरण देते हुए युवाओं से राष्ट्रसेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
सपा सरकार में भर्ती के नाम पर होती थी वसूली: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले युवाओं को समय पर पढ़ाई, परीक्षा और रोजगार के अवसर नहीं मिलते थे। उनके अनुसार, भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए सक्रिय हो जाती थी और बिना खर्ची-पर्ची नौकरी मिलना मुश्किल था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति किसी दूसरे को मिल जाती थी। उनकी सरकार ने ऐसी अनियमित नियुक्तियों को निरस्त किया और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की।
योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने शिक्षा विभाग में 3,568, पंचायती राज विभाग में 1,375, कुशल खिलाड़ियों के 470, फॉरेंसिक साइंस के 28, पुलिस के 4,543 और राजस्व विभाग के 1,146 पदों पर नियुक्तियों का उल्लेख किया। इसके अलावा आठ हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि होमगार्ड के चयनित अभ्यर्थियों को अगले दस दिनों में नियुक्ति पत्र देने का प्रयास किया जाएगा। विभिन्न विभागों और आयोगों के माध्यम से भी भर्तियां की जाएंगी।
'नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा'
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति से प्रदेश की छवि बदली है। उन्होंने कहा, ''नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा।'' उनके मुताबिक, प्रदेश में माफिया का प्रभाव समाप्त हुआ है और दंगाई कानून का सामना कर रहे हैं। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों और नकल माफिया के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर देश की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। प्रदेश की 25 करोड़ से अधिक आबादी को सरकार ने बोझ नहीं, बल्कि जनसांख्यिकीय ताकत के रूप में देखा है। सुरक्षा, निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसरों का विस्तार इसी सोच का हिस्सा है।
युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बनाना लक्ष्य
योगी ने कहा कि सरकार प्रत्येक जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल आर्थिक एवं औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ में औद्योगिक शहर विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि देश में बनने वाले मोबाइल फोन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जों का 60 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में करीब 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है।
मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत युवाओं को ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाले बन सकें। उन्होंने लखनऊ स्थित एचसीएल इकाई का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2017 में वहां करीब 100 लोग काम करते थे, जबकि अब 18 हजार युवा कार्यरत हैं। ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना में भी एकेटीयू के माध्यम से 500 युवाओं का चयन हुआ है। अमेठी में एके-203 राइफल और कानपुर में उसके पुर्जों का निर्माण किया जा रहा है।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से मतदाता बनने की अपील
मुख्यमंत्री ने उन युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की, जो एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता बनना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी है। युवाओं को अपने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब माफिया का शासन नहीं, बल्कि कानून का राज है। युवाओं के हाथों में दिया गया टैबलेट इसी बदलाव को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी', योगेंद्र उपाध्याय, सुनील कुमार शर्मा, दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी और रजनी तिवारी, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल तथा लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जयप्रकाश सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।


Comments