देश-दुनिया को दीपावली देने वाली अयोध्या में 2017 से पहले दीपक तले था अंधेरा : योगी

गोमती उत्सव-2026 में मुख्यमंत्री ने कहा- उपद्रव से उत्सवों की ओर बढ़ा उत्तर प्रदेश; गोमती की निर्मलता और अविरलता बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी

हर्षिता यादव  Picture
Published On

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान अव्यवस्था और उपद्रव का माहौल रहता था, लेकिन आज प्रदेश की पहचान उत्सवों से बन रही है। देश-दुनिया को दीपावली देने वाली अयोध्या में भी 2017 से पहले दीपोत्सव का कोई आयोजन नहीं होता था। वहां दीपक तले अंधेरा था। सरकार ने दीपावली से एक दिन पहले भव्य दीपोत्सव शुरू कराया, जो आज वैश्विक स्तर पर पहचान बना रहा है।

रविवार को गोमतीनगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित ‘गोमती उत्सव-2026’ में मुख्यमंत्री ने गोमती गौरव सम्मान से सम्मानित विभूतियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गोमती लखनऊ की आत्मा है। इसकी अविरलता और निर्मलता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उत्सव का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि इसकी शुरुआत गोमती को स्वच्छ रखने के संकल्प से होनी चाहिए।

उपद्रव से उत्सवों की ओर बढ़ा उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार और समाज को आपसी मेलजोल के अवसर मिलने चाहिए। आज एक ही घर में बैठे परिवार के सदस्य भी स्मार्टफोन में अलग-अलग दुनिया में खोए रहते हैं। यह एकांगीपन तनाव और अवसाद को बढ़ाता है, जो आगे चलकर सामाजिक समस्याओं का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2017 से पहले अपराध और अराजकता का माहौल था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के विचार को आगे बढ़ाते हुए सरकार ने प्रदेश की तस्वीर बदली है। पहले जहां उपद्रव होते थे, आज वहां उत्सव मनाए जा रहे हैं। गोमती उत्सव भी इसी बदलाव का प्रतीक है।

लखनऊ में राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव के आवास पर श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया चित्रगुप्त पूजन Read More लखनऊ में राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव के आवास पर श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया चित्रगुप्त पूजन

दीपोत्सव को एक दिन मिलेगी यूनेस्को की मान्यता

अक्टूबर में बिजली उपभोक्ताओं की 95.63 फीसदी शिकायतों का निस्तारण Read More अक्टूबर में बिजली उपभोक्ताओं की 95.63 फीसदी शिकायतों का निस्तारण

अयोध्या दीपोत्सव का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि इस बार का आयोजन भव्यता और दिव्यता के लिहाज से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ आयोजनों में शामिल रहा। दो दिनों तक अयोध्या धाम देश-दुनिया में चर्चा का केंद्र बना रहा। लोक आस्था, परंपराओं और आमजन की सहभागिता से ऐसे आयोजनों को वैश्विक पहचान मिलती है। इसी तरह दीपोत्सव आगे बढ़ता रहा तो एक दिन यूनेस्को भी इसे मान्यता देगा।

छठ व्रतियों की सेवा में आगे आए मांझी प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राजेश प्रसाद, सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच बांटी पूजन सामग्री Read More छठ व्रतियों की सेवा में आगे आए मांझी प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राजेश प्रसाद, सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच बांटी पूजन सामग्री

उन्होंने कहा कि भारत की विविधता के बावजूद आस्था की एकता इसकी सबसे बड़ी ताकत है। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक खानपान, वेशभूषा और रहन-सहन अलग हो सकते हैं, लेकिन देश के प्रति सभी की भावना समान है। हर कोई एक भारत, श्रेष्ठ भारत और सुरक्षित भारत चाहता है।

गोमती को स्वच्छ बनाने के लिए मिलकर करें प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोमती आदि गंगा के रूप में मान्य है और लखनऊ की पहचान से जुड़ी है। दुनिया की सभ्यताएं और संस्कृतियां नदियों के किनारे विकसित हुई हैं। उन्होंने गोमती उत्सव के आयोजकों को आठ वर्ष पहले इसकी परिकल्पना करने और इसे भव्य स्वरूप देने के लिए बधाई दी।

उन्होंने बताया कि सरकार ने गोमती की सफाई से जुड़े कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए नए सीवेज शोधन संयंत्र (एसटीपी) बनाए जा रहे हैं। अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं। नदी में गिरने वाले नालों और सीवर को टैप कर एसटीपी तक पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक गंगा की धारा की तरह गोमती का प्रवाह भी निर्बाध और निर्मल बना रहना चाहिए।

प्लास्टिक छोड़ें, स्थानीय व्यंजनों को दें बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने की अपील करते हुए कहा कि यह पर्यावरण, स्वास्थ्य और पशुओं के लिए गंभीर चुनौती है। बाजार जाते समय घर से झोला या थैला लेकर निकलें। मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद प्लास्टिक कचरा न छोड़ें। प्लास्टिक खाने से गायों और अन्य पशुओं को नुकसान पहुंचता है। यह नदियों में पहुंचकर जल प्रवाह बाधित करने के साथ पानी को भी दूषित करता है।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ की व्यवस्था दी थी, जबकि वर्तमान सरकार ने ‘एक जिला, एक उत्पाद’ योजना शुरू की। स्थानीय खानपान को प्रोत्साहित करने के लिए ‘एक जिला, एक व्यंजन’ की अवधारणा भी आगे बढ़ाई जा रही है। गोमती उत्सव में स्थानीय व्यंजनों को स्थान मिलना चाहिए, ताकि लोग परिवार के साथ आएं और पारंपरिक खानपान से परिचित हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्य पदार्थों के कारोबार में नेस्ले जैसी कंपनियों का वार्षिक कारोबार नौ लाख करोड़ रुपये से अधिक है। हमारे देश में माताएं-बहनें ऐसे स्वादिष्ट और पारंपरिक व्यंजन बना सकती हैं कि वे अपने दम पर इतनी बड़ी कंपनी खड़ी कर सकती हैं। भारतीय व्यंजनों को दुनिया तक पहुंचाया जाए तो उनकी मांग भी बढ़ेगी। हालांकि, इसके लिए खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना जरूरी है।

कलाकारों और कारीगरों को मिले मंच

योगी ने कहा कि गोमती उत्सव स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजनों और लोककलाओं के प्रचार का मंच बने। गोमती संरक्षण में योगदान देने वालों, लोकपरंपराओं और लोकगाथाओं को आगे बढ़ाने वाले कलाकारों, कारीगरों तथा समाज के लिए लीक से हटकर काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने आयोजन को पर्यटन एवं संस्कृति विभाग से जोड़ने और इसके विस्तार में सरकारी सहयोग का भरोसा भी दिया।

मुख्यमंत्री ने आयोजकों से कहा कि प्रदर्शनी और अन्य गतिविधियों में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें तथा उत्पादों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। गोमती को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने गोमती गौरव सम्मान प्राप्त करने वाली विभूतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन लोगों ने अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय और प्रेरणादायी कार्य किया है।

कार्यक्रम में गोमती उत्सव के मुख्य संरक्षक राजीव मिश्र, समिति अध्यक्ष रामकृष्ण यादव, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय लखनऊ परिसर के निदेशक सर्वनारायण झा, न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडे, केजीएमयू की कुलपति प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद, कवि सर्वेश अस्थाना, पार्षद मालती यादव और उद्घोषक आत्मप्रकाश मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

इन्हें मिला गोमती गौरव सम्मान

सम्मानित होने वालों में सुनीता मिश्रा, राजेश पांडे, डॉ. सुनीता चंद्रा, जयंत कृष्णा, आत्मप्रकाश मिश्र, विनोद मिश्र, अंबिका प्रकाश वाजपेयी, सुमित रूंगटा, सूर्यमणि सिंह रैकवार, डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. सोनिया नित्यानंद, संदीप तिवारी, न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडे, सुरेश बहादुर सिंह और अतुल अग्निहोत्री शामिल रहे।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें