सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा रद्द होने की खबर फर्जी : डॉ. प्रशांत कुमार
3 और 4 दिसंबर को तय कार्यक्रम के अनुसार होगी परीक्षा, फर्जी पत्र प्रसारित करने वालों पर एफआईआर की तैयारी
लखनऊ। सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा निरस्त किए जाने की सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचना को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने फर्जी और भ्रामक करार दिया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राथमिक) और सहायक अध्यापक प्राथमिक शहरी पदों की लिखित परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 और 4 दिसंबर 2026 को ही आयोजित होगी। परीक्षा की तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने आयोग के आधिकारिक लेटरहेड, प्रतीक चिह्न और नाम का दुरुपयोग कर परीक्षा निरस्त होने का फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित किया है। इस पत्र पर उप सचिव के जाली हस्ताक्षर भी किए गए हैं। आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्तियों और संस्था के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।
अभ्यर्थियों से अफवाहों से बचने की अपील
आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य अनधिकृत माध्यमों पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करें। ऐसी किसी भी खबर को सत्यापन के बिना आगे साझा करने से भी बचें। उन्होंने अभ्यर्थियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा की तैयारी जारी रखने की सलाह दी।
आधिकारिक वेबसाइट और एक्स हैंडल पर ही मिलेगी सूचना
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाएं, विज्ञप्तियां, कार्यक्रम और संशोधन केवल उसकी अधिकृत वेबसाइट upessc.up.gov.in और आधिकारिक एक्स हैंडल @upesscprayagraj पर ही जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी की पुष्टि इन्हीं माध्यमों से करें।


Comments