तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम

डलमऊ रोड पर दतौली गांव के निकट बृहस्पतिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में घायल किसान की इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई

Abhinav Shukla Picture
Published On

 

लालगंज (रायबरेली)। डलमऊ रोड पर दतौली गांव के निकट बृहस्पतिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में घायल किसान की इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।सेमरपहा गांव के पूरे अवसेरी मजरे निवासी अशोक कुमार यादव (45) बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे डलमऊ रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान डलमऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
 
हादसे में अशोक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल और वहां से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
 
अशोक की मौत से पत्नी कुसमा यादव और इकलौते बेटे शैलेश कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है।प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें