हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ करने, अयोध्याधाम को अपमानित करने वालों को अब याद आ रहा राम नामः सीएम योगी

अयोध्या को अपमानित करने वालों पर मुख्यमंत्री का निशाना, बोले- मारीच रूपी दुर्जनों के मुख से अंतिम समय में निकलता है राम नाम

हर्षिता यादव  Picture
Published On

गोरखपुर, 19 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कभी रामभक्तों पर गोलियां चलवाते थे और जय श्रीराम बोलने वालों पर लाठी-डंडे बरसाते थे, आज उन्हें भी राम नाम याद आने लगा है। हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ करने और अयोध्याधाम को अपमानित करने वालों को अब प्रभु श्रीराम का स्मरण हो रहा है। भक्त हर समय राम का नाम लेते हैं, लेकिन दुर्जनों के मुंह से अंतिम समय में ही राम नाम निकलता है। मारीच का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मारीच रूपी लोगों को पहचानने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को कैम्पियरगंज क्षेत्र के भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विश्वविद्यालय सहित कुल 792.18 करोड़ रुपये की 55 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 621.05 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास और 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

अयोध्या के नाम पर चुनौती देने वालों को आमने-सामने लड़ने की हिम्मत नहीं

मुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या उनकी आस्था की भूमि है। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव वहां से नामांकन करें तो वह भी नामांकन कर सकते हैं। योगी ने आरोप लगाया कि चुनौती देने वालों में आमने-सामने चुनाव लड़ने का साहस नहीं है। कमजोर व्यक्ति सामने से मुकाबला करने के बजाय पीछे से वार करता है।

एकमा के सभी 54 छठ घाटों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण Read More एकमा के सभी 54 छठ घाटों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

उन्होंने सपा और कांग्रेस पर माफिया को संरक्षण देने, युवाओं की नौकरियों में सेंध लगाने और महिलाओं व व्यापारियों की सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दलों के शासन में प्रदेश की पहचान का संकट खड़ा हो गया था। जनता ने विकास और सुशासन के लिए भाजपा सरकार पर भरोसा जताया है।

रात में सफर करने वालों का बढ़ा भरोसा, 14 हजार से अधिक बसों का संचालन Read More रात में सफर करने वालों का बढ़ा भरोसा, 14 हजार से अधिक बसों का संचालन

गोरखपुर की पहचान माफिया और मच्छर से होती थी

किसानों और गोआश्रय स्थलों के बीच होगा सीधा अनुबंध, चारे के बदले मिलेगी खाद Read More किसानों और गोआश्रय स्थलों के बीच होगा सीधा अनुबंध, चारे के बदले मिलेगी खाद

योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गोरखपुर की पहचान माफिया और मच्छर के नाम से होती थी। इंसेफेलाइटिस से मासूम बच्चों की जान जाती थी, लेकिन तत्कालीन सरकार के मुखिया पीड़ितों का हाल जानने अस्पताल तक नहीं पहुंचते थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी गुंडागर्दी, अराजकता, दंगों और कर्फ्यू की पर्याय रही है। माफिया इनके करीबी रहे और जनता को हमेशा धोखा मिला।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों में गरीबों का राशन, पेंशन और छात्रवृत्ति तक हड़प ली जाती थी। आज सरकार बिना भेदभाव पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने कहा कि बेटी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने और गरीब की जमीन पर कब्जा करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम के अलावा कोई जगह नहीं होगी।

रोड शो में किशोर की मौत पर दोषियों को सजा दिलाने की बात

मुख्यमंत्री ने बुधवार को गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान काफिले के वाहन की चपेट में आने से हुई किशोर की मौत का जिक्र करते हुए घटना को निर्मम हत्या करार दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और आरोप लगाया कि घटना के बाद जिम्मेदार लोगों ने संवेदना का एक शब्द तक नहीं कहा।

योगी ने प्रशासन को निर्देश देने की बात कहते हुए कहा कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश की सड़कें आमजन के निर्बाध आवागमन के लिए हैं, न कि किसी दल के समर्थकों की गुंडागर्दी के लिए। माफियागिरी करने वालों को मिट्टी में मिलाने में सरकार देर नहीं करेगी।

2027 के चुनाव में फिर दूर होगी गलतफहमी

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों को अभी से अराजकता फैलाकर जनता का समर्थन हासिल करने की गलतफहमी हो गई है, लेकिन वर्ष 2027 के चुनाव में उनकी यह गलतफहमी दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता बार-बार ऐसे लोगों को जवाब दे रही है। इस दौरान उन्होंने हैदराबाद से आए एक नेता पर भी तंज कसते हुए चुनाव परिणाम के बाद उन्हें राजनीतिक सौगात देने की बात कही।

योगी ने विपक्षी दलों को एक ही थैली के चट्टे-बट्टे बताते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए इन दलों ने विकास के बजाय लूट-खसोट को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र पर काम कर रही है। सरकार की नीति राष्ट्र सर्वोपरि, योजनाओं का लाभ सभी पात्रों को और तुष्टिकरण किसी का नहीं, बल्कि सबका संतुष्टिकरण है।

आपदा में किसानों के साथ खड़ी रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार विपत्ति के समय केवल आंसू नहीं बहाती, बल्कि समाधान निकालती है। अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान पर मुआवजा दिया गया। उन्होंने बताया कि गोरखपुर में स्वयं आकर 500 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया था।

पर्यावरण संरक्षण के लिए विश्वविद्यालय की स्थापना

योगी ने कहा कि पर्यावरण का अत्यधिक दोहन अतिवृष्टि, अनावृष्टि और ओलावृष्टि जैसी समस्याओं को बढ़ाता है। भारतीय संस्कृति में धरती को माता और नदियों को देवी का स्वरूप माना गया है। ऐसे में वनों और नदियों का संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ सरकार ने वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ युवाओं को शिक्षा और रोजगार तथा किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने बताया कि 12 जुलाई 2026 को प्रदेश में एक ही दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए। पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में 280 करोड़ पौधों का रोपण किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले वन, खनन और पशु माफिया सक्रिय थे, जबकि अब पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है।

50 हेक्टेयर में विकसित होगा विश्वविद्यालय

कैम्पियरगंज के भारीवैसी में 50 हेक्टेयर यानी करीब 123.55 एकड़ भूमि पर 491 करोड़ रुपये की लागत से वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय विकसित किया जाएगा। परिसर में प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, बहुउद्देशीय सभागार, 895 विद्यार्थियों की क्षमता वाले छात्रावास, 401 आवासीय इकाइयां, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अतिथिगृह सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी।

विश्वविद्यालय में वानिकी एवं औद्यानिकी, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल एवं बागवानी जैसे विषयों में बीएससी, एमएससी, पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। यहां अनुसंधान और प्रशिक्षण की सुविधाएं भी विकसित होंगी। विश्वविद्यालय से डिग्री प्राप्त विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा और क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण देने का प्रस्ताव भी है।

अगले सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि विश्वविद्यालय में अगले शैक्षिक सत्र से कक्षाएं शुरू करा दी जाएंगी। भवन निर्माण पूरा होने तक शुरुआती कक्षाएं किसी अन्य स्थान पर संचालित होंगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। यहां फल, सब्जियों और अन्य बागवानी फसलों की उन्नत प्रजातियों के विकास पर भी शोध होगा, जिससे किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

16 परियोजनाओं का शिलान्यास, 39 का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने 621.05 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के अलावा रोहिन नदी के दाएं तट पर मछलीगांव अलगटपुर तटबंध के कलान नाले पर कल्यानपुर के पास 54.52 करोड़ रुपये से पंपिंग स्टेशन का निर्माण तथा मानीराम डोमिनगढ़ तटबंध पर ग्राम सिउरिया के पास 57.19 करोड़ रुपये की लागत से पंपिंग स्टेशन बनाने की परियोजनाएं शामिल हैं।

इसके साथ ही 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें राप्ती नदी के तटबंध पर कटाव निरोधक कार्य, रोहिन नदी के मानीराम डोमिनगढ़ तटबंध पर स्लोप पिचिंग और बढ़या कोठा तटबंध पर कटाव रोकने के कार्य शामिल हैं। अमृत-2.0 के तहत पीपीगंज नगर पंचायत की पुनर्गठन पेयजल योजना के प्रथम चरण पर 34.36 करोड़ और दूसरे चरण पर 26.06 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन

समारोह से पहले मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इसके बाद आधारशिला रखी और बटन दबाकर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया। उन्होंने कल्पवृक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के त्रि-आयामी मॉडल का अवलोकन कर प्रस्तावित निर्माण की जानकारी ली और कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी भी देखी।

समारोह में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री केपी मलिक, सांसद रविकिशन शुक्ल, विधायक फतेह बहादुर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें