नवीनतम
फीचर्ड
भारत
सर्वोदय विद्यालयों में कबड्डी-वॉलीबाल प्रतियोगिताओं से निखरेगी खेल प्रतिभा
18-19 नवंबर को जनपद और 26-28 नवंबर को जोन स्तर पर होंगे मुकाबले, सीनियर वर्ग के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
लखनऊ। प्रदेश के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत कबड्डी और वॉलीबाल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। समाज कल्याण विभाग की ओर से होने वाली इन प्रतियोगिताओं में सीनियर वर्ग के विद्यार्थी अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिताओं का पहला चरण 18 और 19 नवंबर को जनपद स्तर पर होगा, जबकि 26 से 28 नवंबर तक जोन स्तर पर मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर प्रतिस्पर्धा का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
खेलों से विकसित होगी टीम भावना और नेतृत्व क्षमता
प्रदेश सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलकूद में भी आगे बढ़ने के अवसर देना है। कबड्डी और वॉलीबाल जैसी सामूहिक खेल प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित होगी।
अधिकारियों को सौंपी गई आयोजन की जिम्मेदारी
प्रतियोगिताओं के सुचारु संचालन के लिए जनपद स्तर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी और जोन स्तर पर संयुक्त अथवा उप निदेशक समाज कल्याण को नोडल अधिकारी बनाया गया है। संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य आयोजन की व्यवस्थाएं संभालेंगे।
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि प्रतियोगिताओं के बाद विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों का विस्तृत विवरण निदेशालय को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ शारीरिक और मानसिक विकास का अवसर मिलेगा।


Comments