शहीदों की वीरांगनाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया सम्मानित, दशकों पुराने त्याग और संघर्ष को मिला सम्मान
50 साल पहले शहीद हुए सैनिक की पत्नी से लेकर 2022 में पति खोने वाली वीर नारी तक का हुआ सम्मान
मेरठ। स्वतंत्र प्रभात ब्यूरो। किसी ने पांच दशक पहले देश की रक्षा में अपने पति को खोया तो किसी का सुहाग कारगिल युद्ध में उजड़ गया। किसी ने महीनों तक पति के पार्थिव शरीर का इंतजार किया। इन वीर नारियों ने शहादत का दर्द सहते हुए बच्चों की परवरिश की और परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं। शनिवार को मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब इन महिलाओं को सम्मानित किया तो उनके संघर्ष और त्याग की यादें ताजा हो गईं। किसी की आंखें नम थीं तो किसी के चेहरे पर पति की शहादत का गर्व झलक रहा था। उनके लिए यह सम्मान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि वर्षों के धैर्य, संघर्ष और बलिदान की पहचान था।
पांच दशक बाद भी कायम है शहादत का गौरव
नांगल क्षेत्र के छपरा गांव निवासी संतोष के पति करीब 50 वर्ष पहले देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे। आधी सदी बीतने के बाद भी उनके मन में पति की यादें ताजा हैं। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होकर उन्होंने इसे अपने परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
मेरठ के शोभापुर निवासी अबरीशा खातून के पति अजमेर अली वर्ष 1987 में लद्दाख में हुए हादसे में शहीद हो गए थे। परिवार को उनका पार्थिव शरीर भी नहीं मिल सका था। अजमेर अली को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया। अबरीशा ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों मिला सम्मान उनके पति की शहादत को मिली पहचान है।
कारगिल से सिक्किम तक, अपनों को खोने का दर्द
कंकरखेड़ा निवासी विमलेश देवी के पति कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे। उन्हें सेना मेडल से सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री से सम्मान पाकर विमलेश ने गर्व जताया और महिला सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
बिजनौर निवासी माला के पति सिक्किम में हुए हादसे में शहीद हो गए थे। परिवार को करीब पांच महीने तक उनके पार्थिव शरीर का इंतजार करना पड़ा। बाद में डीएनए जांच के माध्यम से उनकी पहचान हो सकी। पति की शहादत के बाद माला को अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली।
‘आज लगा कि पूरा देश हमारे साथ खड़ा है’
वर्ष 2016 में पति को खोने वाली गीता ने मुख्यमंत्री से मिलकर सम्मान प्राप्त करने को भावुक पल बताया। उन्होंने कहा कि आज उन्हें महसूस हुआ कि वह अकेली नहीं हैं, बल्कि पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा है।
अक्टूबर 2022 में शहीद हुए सैनिक की पत्नी सुमन ने भी सम्मान मिलने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने बताया कि बच्चों के पालन-पोषण और परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के लिए उन्हें निगम की ओर से नौकरी दी गई है।
इन वीर नारियों का सम्मान उन सैनिकों के बलिदान के साथ-साथ उनके परिवारों के लंबे संघर्ष और समर्पण को भी रेखांकित करता है। देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के पीछे उनके परिवारों ने भी कठिन परिस्थितियों में धैर्य और साहस के साथ जीवन की जिम्मेदारियां निभाई हैं।


Comments