वीरता पुरस्कारों की राशि दोगुनी करेगी योगी सरकार
शहीद आश्रितों को गृह जनपद या नजदीकी जिले में मिलेगी नौकरी, 50 लाख रुपये तक की संपत्ति पर स्टांप शुल्क में छूट का भी ऐलान
मेरठ, 14 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के हित में तीन बड़ी घोषणाएं करते हुए प्रदेश में परमवीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र और अशोक चक्र समेत सभी वीरता पुरस्कारों की एकमुश्त राशि और वार्षिकी दोगुनी करने का ऐलान किया। उन्होंने शहीद सैनिकों के आश्रितों को घर खरीदने या बनवाने के लिए 50 लाख रुपये तक की संपत्ति पर स्टांप शुल्क में छूट देने और परिवार के एक सदस्य को गृह जनपद अथवा नजदीकी जिले में सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री शनिवार को मेरठ छावनी स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सेना के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और जवानों को सम्मानित किया। साथ ही 27.50 करोड़ रुपये की लागत से आठ जिलों में बने सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालयों का लोकार्पण किया।
वीरता पुरस्कारों की राशि होगी दोगुनी
मुख्यमंत्री ने बताया कि परमवीर चक्र विजेता को मिलने वाली 52 लाख रुपये की एकमुश्त राशि और 3.12 लाख रुपये की वार्षिकी दोगुनी की जाएगी। इसी तरह महावीर चक्र, वीर चक्र, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र सहित अन्य वीरता पुरस्कारों की राशि और वार्षिकी में भी वृद्धि होगी। सेना मेडल तथा विभिन्न युद्ध सेवा पदकों के पुरस्कार भी दोगुने किए जाएंगे।
50 लाख तक की संपत्ति पर स्टांप शुल्क में छूट
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को अब 50 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीदने पर स्टांप शुल्क में छूट मिलेगी। पहले यह सीमा 20 लाख रुपये थी। इसके अलावा शहीद के एक आश्रित को सरकारी नौकरी उसके गृह जनपद या सबसे नजदीकी जिले में दी जाएगी। इसके लिए सैनिक कल्याण विभाग अन्य विभागों से रिक्त पदों का विवरण लेकर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।
पूर्ववर्ती सरकारों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर सैनिकों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले वीर जवानों को अपने अधिकारों के लिए भी संघर्ष करना पड़ता था। उन्होंने 2016 में कारगिल योद्धा गणेश कुमार शुक्ला के साथ कथित दुर्व्यवहार और 2013 में लांस नायक हेमराज सिंह के पार्थिव शरीर के मेरठ पहुंचने पर प्रशासनिक व्यवस्था की कमी का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि आज मेरठ की पहचान बदल रही है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से जिले की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। यहां खेल उद्योग को बढ़ावा मिल रहा है और मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निर्माण भी हो रहा है।
रक्षा उत्पादन में आगे बढ़ रहा उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि नया भारत सेना को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। वन रैंक वन पेंशन की मांग पूरी होने और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ का पद सृजित होने से सैन्य व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि देश का रक्षा निर्यात वर्ष 2013-14 की तुलना में 55 गुना बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल सैनिक देने वाला प्रदेश नहीं, बल्कि रक्षा उपकरणों के निर्माण का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है, जबकि एके-203 राइफल के अधिकांश कलपुर्जे लखनऊ और कानपुर में तैयार किए जा रहे हैं।
150 शहीद परिवारों को 59.50 करोड़ की सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार शहीद परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। वर्ष 2017 से पहले शहीद परिवारों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 20 लाख रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया गया। अब तक 150 शहीद परिवारों को 59.50 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के लिए समूह 'ख' के पदों पर पांच प्रतिशत आरक्षण और अग्निवीरों के लिए पुलिस, कारागार तथा वन विभाग में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है। प्रदेश में हर साल सेवानिवृत्त होने वाले करीब 60 हजार सैनिकों में लगभग 12 हजार उत्तर प्रदेश के होते हैं।
आठ जिलों में सैनिक कल्याण कार्यालयों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने औरैया, अमेठी, गोरखपुर, चंदौली, शामली, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर और सोनभद्र में नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालयों का लोकार्पण किया। इन कार्यालयों में आवास और विश्राम की सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इस अवसर पर शौर्य गाथा पुस्तक का विमोचन किया गया, जिसमें प्रदेश के अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र से सम्मानित सैनिकों की वीरता का विवरण है।
वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का सम्मान
समारोह में मुख्यमंत्री ने शहीद सैनिकों के परिजनों को चेक और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इनमें मेजर अमित शर्मा की पत्नी आर्ची सिंह, मेजर केतन शर्मा की माता ऊषा शर्मा, कीर्ति चक्र विजेता सिपाही अजमेर अली की पत्नी अबरीशा खातून, सैपर सतीश कुमार की पत्नी विमलेश देवी और शौर्य चक्र विजेता अनिल कुमार तोमर की पत्नी मीनू तोमर सहित अन्य वीर नारियां शामिल रहीं। पूर्व सैनिक लांस नायक प्रियपाल सिंह और राइफलमैन हरबीर सिंह को भी सम्मानित किया गया।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि मेरठ की छवि बदल रही है और जिला बेहतर कनेक्टिविटी के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि निगम के माध्यम से करीब 31 हजार पूर्व सैनिकों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। जल्द ही रोजगार मेले और नेत्र शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में मध्य कमान के जीओसी-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा, मेजर जनरल सुमित राणा, मेजर जनरल अनुपम अग्रवाल, मंत्री दिनेश खटीक, सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज और अश्वनी त्यागी सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व सैनिक और वीर नारियां मौजूद रहीं।


Comments