नवीनतम
फीचर्ड
भारत
दुग्ध कारोबार में महिलाओं की बढ़ी भागीदारी, 76 हजार बनीं लखपति दीदी
31 जिलों में चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक सक्रिय, रोजाना 13 लाख लीटर से ज्यादा दूध का संग्रह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में महिला दुग्ध उत्पादक आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित महिला नेतृत्व वाले डेयरी मॉडल से प्रदेश के 31 जिलों में चार लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। ये महिलाएं प्रतिदिन 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह कर रही हैं। इनमें से 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर सीधे बाजार से जोड़ने की पहल की गई है। इसके तहत दूध संग्रह, गुणवत्ता जांच, बिक्री और भुगतान की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई गई है। मोबाइल एप और डिजिटल मशीनों के जरिए दूध की मात्रा, फैट की जांच, निर्धारित कीमत और भुगतान का विवरण ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है।
गांवों में महिलाएं संभाल रहीं डेयरी कारोबार
पशुपालन और दूध उत्पादन में महिलाओं की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है, लेकिन बिक्री और कीमत तय करने की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सीमित थी। अब महिला दुग्ध उत्पादक समूहों और कंपनियों से जुड़कर गांवों में ही कारोबार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इससे उन्हें नियमित बाजार उपलब्ध होने के साथ अपनी उपज का बेहतर हिसाब रखने की सुविधा मिल रही है।
दूध संग्रह केंद्रों पर डिजिटल मशीनों से मात्रा और गुणवत्ता की जांच होती है। इसका पूरा ब्योरा ऑनलाइन दर्ज होने से महिलाओं को दूध की मात्रा, फैट और भुगतान की जानकारी मिल जाती है।
पारदर्शी भुगतान से कम हुई बिचौलियों पर निर्भरता
पहले ग्रामीण पशुपालकों को दूध बेचने के लिए स्थानीय खरीदारों पर निर्भर रहना पड़ता था। कीमत और गुणवत्ता की जांच को लेकर भी उनके पास सीमित विकल्प थे। नई व्यवस्था में मशीनों से दूध की जांच और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर भुगतान की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इससे लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ी है और महिलाओं को अपनी आमदनी का स्पष्ट हिसाब मिल रहा है।
76 हजार से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार, महिला नेतृत्व वाले दुग्ध मॉडल से जुड़कर प्रदेश में 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। 31 जिलों में फैला यह नेटवर्क महिलाओं को नियमित आजीविका उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ा रहा है।
डेयरी से होने वाली आमदनी से महिलाएं परिवार के खर्च, बच्चों की शिक्षा और अन्य जरूरतों में आर्थिक योगदान दे रही हैं। डिजिटल तकनीक ने दूध संग्रह से भुगतान तक की जानकारी उनके लिए सुलभ बना दी है। इससे उन्हें अपने कारोबार का रिकॉर्ड रखने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।


Comments