बुलडोजर बना यूपी का ब्रांड, ट्रैक्टर निर्माण से बढ़ेगी वैश्विक पहचान : योगी
जेवर में 1200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से सीएनएच का ट्रैक्टर प्लांट स्थापित होगा, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार; मुख्यमंत्री ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का किया उद्घाटन
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति से प्रदेश निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन चुका है। यहां बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण होगा तो देश-विदेश में इनकी मांग अपने आप बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री गुरुवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल के ट्रैक्टर निर्माण संयंत्र की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। 1200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से करीब 100 एकड़ में बनने वाला यह संयंत्र जेवर क्षेत्र को औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक केंद्र के रूप में विकसित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
जेवर बनेगा निवेश का प्रमुख केंद्र
मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि कभी अपराध और अराजकता के लिए बदनाम रहा यह इलाका आज निवेश के प्रमुख गंतव्य के रूप में पहचान बना रहा है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा के विकास से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिल रही है। यहां सेमीकंडक्टर संयंत्र, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी परियोजनाएं विकसित हो रही हैं।
टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ यूपी
योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश पलायन, पिछड़ेपन और अराजकता की चुनौतियों से जूझ रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने अपनी छवि बदली है। आज प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, कारोबार के लिए सुरक्षित माहौल और निवेशकों के विश्वास के मामले में नई पहचान बना चुका है। कभी बीमारू राज्यों में शामिल यूपी अब देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में जगह बना चुका है और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं, जबकि 7.50 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों को जल्द मूर्त रूप देने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच चुकी है और स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है।
किसानों और युवाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच का नया संयंत्र कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक विनिर्माण को बढ़ावा देगा। इससे हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। भारतीय ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। इस निवेश से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कंपनी प्रबंधन को राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तैयार होंगे युवा
योगी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित कर रोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है। टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के सहयोग से कुशल कार्यबल विकसित किया जा रहा है। आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर सुरक्षा, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार और नवाचार की नई संभावनाएं तैयार हो रही हैं।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह तथा सीएनएच की चेयरपर्सन लेडी सुजैन हेवुड और सीईओ गैरीट मार्क्स सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Comments