यूपी में ओडीओपी की तर्ज पर शुरू होगी ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ योजना: योगी

संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस समारोह में बोले मुख्यमंत्री- लोक कलाओं ने सदियों तक भारतीय संस्कृति को जीवित रखा

हर्षिता यादव  Picture
Published On

लखनऊ, 13 नवंबर। उत्तर प्रदेश में अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन’ की तर्ज पर ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोमतीनगर स्थित संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस समारोह ‘धरोहर’ में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले की विशिष्ट लोककला और सांस्कृतिक विरासत को पहचान दिलाने के साथ स्थानीय कलाकारों को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संस्कृति को मिटाने और देश को मानसिक रूप से गुलाम बनाने के कई प्रयास हुए, लेकिन हमारी सनातन परंपराओं और लोक कलाओं ने हर चुनौती के बीच सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखा। उन्होंने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक तकनीक का उपयोग करने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों और लोक परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।

लोक कलाओं की उपेक्षा से कमजोर होती है सांस्कृतिक पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया की कई सभ्यताएं समय के साथ समाप्त हो गईं, लेकिन भारत की संस्कृति तलवार और मानसिक गुलामी के प्रयासों के बावजूद कायम रही। लोक परंपराओं ने देश की सांस्कृतिक आत्मा और आत्मसम्मान को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। हालांकि, आजादी के बाद अनेक लोक कलाओं और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की उपेक्षा हुई। उन्होंने कहा कि किसी कला का लुप्त होना केवल एक विधा का खत्म होना नहीं, बल्कि हमारी पहचान के महत्वपूर्ण अध्याय का खो जाना है।

योगी सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 5 प्रतिशत बढ़ाया, अब मिलेगा 63 फीसदी डीए Read More योगी सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 5 प्रतिशत बढ़ाया, अब मिलेगा 63 फीसदी डीए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंच प्रण का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए अपनी विरासत पर गर्व करना जरूरी है। प्रदेश सरकार काशी, अयोध्या, मथुरा और ब्रज क्षेत्र के सांस्कृतिक केंद्रों को नई पहचान दे रही है। दीपोत्सव और देव दीपावली जैसे आयोजन भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर पहुंचा रहे हैं।

योगी सरकार की नीतियों से यूपी बना निवेश का पसंदीदा केंद्र : नरेंद्र मित्तल Read More योगी सरकार की नीतियों से यूपी बना निवेश का पसंदीदा केंद्र : नरेंद्र मित्तल

हर जिले की विशिष्ट कला को मिलेगा मंच

समाजसेवी श्यामा प्रसाद और उनके इंजीनियर पुत्रों ने 500 छठ व्रतियों के बीच बांटी पूजन सामग्री Read More समाजसेवी श्यामा प्रसाद और उनके इंजीनियर पुत्रों ने 500 छठ व्रतियों के बीच बांटी पूजन सामग्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडीओपी योजना ने प्रदेश के उत्पादों को देश-दुनिया में पहचान दिलाई है और राज्य का निर्यात दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। इसी तरह वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन में भी व्यापक संभावनाएं हैं। अब वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट के जरिए हर जिले की खास कला को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने संस्कृति विभाग और विभिन्न अकादमियों को इस दिशा में प्राथमिकता से काम करने तथा स्थानीय कलाकारों को मंच देने के निर्देश दिए।

तकनीक अपनाएं, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहें युवा

युवा कलाकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते दौर में डिजिटल माध्यमों और एआई का भरपूर इस्तेमाल कर नए प्रयोग किए जाने चाहिए। कलाकार अपनी प्रतिभा को दुनिया के सामने लाएं, लेकिन अपनी माटी की सुगंध, लोकधुन, गुरु की सीख और सांस्कृतिक विरासत को न भूलें। तकनीक का उद्देश्य जीवन को सहज बनाना है, न कि सांस्कृतिक जड़ों और आपसी संबंधों से दूर करना।

अकादमी के रिक्त पद जल्द भरने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अकादमी के कलाकारों की ओर से विचित्र वीणा, सारंगी और पखावज जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात को निर्देश दिया कि अकादमी में मानव संसाधन की कमी तत्काल दूर की जाए। इसके लिए बोर्ड या समिति गठित कर चयन प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यकता पड़ने पर आयु सीमा में छूट देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पद रिक्त नहीं रहने चाहिए।

संगीत को बताया आराधना का माध्यम

योगी ने कहा कि भारतीय परंपरा में संगीत केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि परमात्मा की आराधना का माध्यम है। भगवान शिव के डमरू से माहेश्वर सूत्रों की उत्पत्ति और श्रीकृष्ण की बांसुरी तथा मां सरस्वती की वीणा का उल्लेख करते हुए उन्होंने संगीत की आध्यात्मिक महत्ता बताई। उन्होंने लखनऊ, बनारस, आगरा और रामपुर घरानों के योगदान की सराहना की। साथ ही पंडित बिरजू महाराज, लच्छू महाराज, गिरिजा देवी और बेगम अख्तर को याद किया। ब्रज की रासलीला, पूर्वांचल के बिरहा और बुंदेलखंड के आल्हा को गुरु-शिष्य परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर बताया।

पुरस्कार राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी

अकादमी के अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत ने बताया कि 13 नवंबर 1963 को स्थापित संस्था संगीत, नृत्य, नाटक और लोककलाओं के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए काम कर रही है। उन्होंने अकादमी और कथक केंद्र के कर्मचारियों की सुविधाएं बढ़ाने तथा रिक्त पदों को भरने की जरूरत बताई। साथ ही अकादमी पुरस्कारों की राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

समारोह में राज्य कला संग्रहालय और ललित कला अकादमी की प्रदर्शनी के साथ रंगोली भी सजाई गई। मुख्यमंत्री ने अकादमी की 63 वर्षों की यात्रा पर आधारित लघु फिल्म देखी और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रतियोगिता के विजेता शिवांश सिंह ने विचित्र वीणा, अंशुल तुकवार ने सारंगी, सोहम मिश्र ने तबला, वैभव रामदास ने पखावज और अथर्व प्रताप सिंह ने बांसुरी की प्रस्तुति दी।

कला और संस्कृति जगत की हस्तियां रहीं मौजूद

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, भारतेन्दु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रवि शंकर त्रिपाठी, राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र, बिरजू महाराज कथक संस्थान की उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, कुमकुम धर, संगीत नाटक अकादमी के निदेशक राजकुमार और जैन विद्या शोध संस्थान के उपाध्यक्ष अभय जैन सहित कला एवं संस्कृति जगत की कई हस्तियां मौजूद रहीं।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें