मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली युवती निगोहां में भटकी, मिशन शक्ति टीम ने परिजनों से मिलाया

रायबरेली के महाराजगंज से बिना बताए निकली थी युवती, दो दिन बाद निगोहां में मिली; पुलिस ने सकुशल मां के सुपुर्द किया ।

Abhinav Shukla Picture
Published On

निगोहां, लखनऊ।  मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली करीब 18 वर्षीय युवती शुक्रवार को निगोहां कस्बे में भटकती मिली। अकेले और परेशान हालत में घूम रही युवती को देखकर स्थानीय लोगों ने मिशन शक्ति टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवती को सुरक्षा के मद्देनजर थाने पहुंचाया और महिला पुलिसकर्मियों की मदद से उससे पूछताछ कर परिजनों की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने परिवार से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और युवती को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।
 
जानकारी के मुताबिक, रायबरेली जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम झरवलिया, पोस्ट ओडवलिया निवासी युवती को 12 नवंबर को मां ने किसी बात को लेकर डांट दिया था। इससे नाराज होकर वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। बेटी के अचानक लापता होने से परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। इस बीच युवती भटकते हुए निगोहां कस्बे पहुंच गई।
 
शुक्रवार को निगोहां थाने की मिशन शक्ति टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने कस्बे में एक युवती के काफी देर से अकेले घूमने और परेशान नजर आने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची टीम उसे सुरक्षित थाने ले आई। यहां महिला पुलिसकर्मियों ने संवेदनशीलता के साथ बातचीत की तो युवती ने अपना पता और परिजनों की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल परिवार से संपर्क स्थापित किया।
 
बेटी के मिलने की सूचना पर उसकी मां निर्मला एक परिचित के साथ निगोहां थाने पहुंचीं। पुलिस ने पहचान और पारिवारिक संबंधों की पुष्टि करने के बाद युवती को मां के सुपुर्द कर दिया। बेटी को सकुशल देखकर मां और अन्य परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने निगोहां पुलिस और मिशन शक्ति टीम की तत्परता की सराहना करते हुए आभार जताया।
 
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश कुमार दीक्षित, महिला कांस्टेबल तारावती और महिला कांस्टेबल पूजा सिंह की अहम भूमिका रही।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें