नवीनतम
फीचर्ड
भारत
उपद्रवों से उत्सवों तक पहुंचा उत्तर प्रदेश, यही नए भारत की पहचान : योगी
गोमती तट पर छठ महापर्व में शामिल हुए मुख्यमंत्री, भोजपुरी में की छठी मइया और सूर्यदेव की आराधना
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान अव्यवस्था और अराजकता का माहौल रहता था। उपद्रव के समय सरकारें मूकदर्शक बनी रहती थीं, लेकिन अब प्रदेश में सभी पर्व शांति, सुरक्षा और सौहार्द के साथ मनाए जा रहे हैं। उपद्रवों से उत्सवों तक का सफर नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुका है।
मुख्यमंत्री रविवार को लक्ष्मण मेला मैदान स्थित गोमती तट पर आयोजित छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ किया और डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा भी की। मुख्यमंत्री ने भोजपुरी में छठी मइया और भगवान सूर्य की आराधना करते हुए सभी के मनोरथ पूर्ण होने की कामना की।
अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में पद्मश्री लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने छठ के पारंपरिक गीत प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित करने के साथ ही स्मारिका का विमोचन भी किया।
शारदा सिन्हा के गीतों ने छठ को दी वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने छठ गीतों को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाली स्वर कोकिला पद्म विभूषण स्वर्गीय शारदा सिन्हा को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि छठ हमारी लोकआस्था की आत्मा है और शारदा सिन्हा के स्वर इस महापर्व की सजीव धड़कन रहे हैं। उनके लोकप्रिय गीतों ने छठ को वैश्विक पहचान दिलाई। लोकगीतों और लोक कलाकारों ने इस पर्व को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छठ प्रकृति, जल और भगवान सूर्य के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का पर्व है। उत्तर प्रदेश को गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती और गोमती जैसी पवित्र नदियों का आशीर्वाद प्राप्त है।
भेदभाव से परे समानता और समरसता का पर्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धा, पवित्रता, आत्मशुद्धि और कठोर अनुशासन का संदेश देता है। तीन दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में व्रती उगते और अस्ताचलगामी सूर्य दोनों को समान श्रद्धा से अर्घ्य देते हैं। यह जीवन में उत्थान और अवसान, सुख और दुख के प्रति समान भाव रखने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि छठ की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सहजता और सामूहिकता है। इसमें किसी जटिल कर्मकांड या भेदभाव के बिना सामान्य व्यक्ति भी भगवान सूर्य की उपासना करता है। घाट पर न कोई छोटा-बड़ा है और न ऊंच-नीच का भेद। यह पर्व सामाजिक समरसता, समानता और एकात्मता का उदाहरण है। माताएं और बहनें 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर परिवार के साथ समाज और राष्ट्र के कल्याण की कामना करती हैं।
2017 से पहले घाटों पर नहीं होते थे पर्याप्त इंतजाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले घाटों पर सफाई, रोशनी, सुरक्षा और आवागमन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होती थी। आज प्रदेश में धनतेरस, छोटी दीपावली, दीपावली, भाई दूज और छठ महापर्व उत्साह एवं सौहार्द के साथ मनाए जा रहे हैं। सरकार ने घाटों की सफाई, अतिरिक्त घाटों के विकास और व्रती महिलाओं की सुविधा के लिए वेदियों की व्यवस्था की है।
उन्होंने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को दुर्गा पूजा, कांवड़ यात्रा और छठ महापर्व में भी पाखंड दिखाई देता है। ऐसे लोग सनातन परंपराओं को अपमानित करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
पूर्वांचल और बिहार के परिवारों का लखनऊ के विकास में योगदान
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्वांचल और बिहार से आए लाखों परिवारों ने लखनऊ को अपना घर बनाया है। अपनी मेहनत, प्रतिभा और उद्यमशीलता से इन लोगों ने शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। लखनऊ ने भी उन्हें अपने परिवार का हिस्सा माना है। उत्तर प्रदेश की पहचान किसी एक भाषा, क्षेत्र या समुदाय से नहीं, बल्कि उसकी समावेशी संस्कृति और एकात्मता से है।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से शुरू हुआ छठ आयोजन अब किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी वर्गों को जोड़ने वाला उत्सव बन गया है। मालिनी अवस्थी की प्रस्तुतियां भी इस सांस्कृतिक एकता का उदाहरण हैं।
लाखों श्रद्धालुओं ने विभिन्न जिलों में मनाया पर्व
मुख्यमंत्री ने बताया कि छठ की तैयारियों को लेकर चार दिन पहले अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई थी। वाराणसी में करीब 20 लाख और गोरखपुर में 16 लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, जौनपुर, चंदौली, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर सहित कई जिलों में बड़ी संख्या में लोगों ने पर्व मनाया।
उन्होंने बताया कि छठ पर घर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों और ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान घाटों पर पुलिस गश्त और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे।
महिलाओं की सुरक्षा से समझौता नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं और बहनों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित माहौल ही विकास, विरासत के संरक्षण और उत्सवों के उल्लास का आधार है।
मुख्यमंत्री ने आयोजन में 200 कलाकारों द्वारा लगातार 18 घंटे तक भोजपुरी गीतों की प्रस्तुति दिए जाने की जानकारी का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में बदले माहौल के कारण ऐसे बड़े सांस्कृतिक आयोजन संभव हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और उत्सवपूर्ण वातावरण भी हमारी विरासत है, जिसे आने वाली पीढ़ियों को सौंपना होगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह, मुकेश शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


Comments