अक्टूबर में बिजली उपभोक्ताओं की 95.63 फीसदी शिकायतों का निस्तारण
प्रदेश के पांचों डिस्कॉम ने 7.09 लाख शिकायतों का किया समाधान, मध्यांचल सबसे आगे; 1912 हेल्पलाइन और वेबसाइट पर उपलब्ध है शिकायत दर्ज कराने की सुविधा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में विद्युत विभाग ने अक्टूबर माह में बेहतर प्रदर्शन किया है। प्रदेश के पांचों विद्युत वितरण निगमों में इस दौरान कुल 7.41 लाख शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 7,09,038 का निस्तारण किया गया। इस तरह कुल शिकायतों में से 95.63 प्रतिशत का समाधान हुआ।
डिस्कॉमवार आंकड़ों के अनुसार, शिकायतों के निस्तारण में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम सबसे आगे रहा। यहां करीब 2.54 लाख शिकायतों का समाधान किया गया। दक्षिणांचल में लगभग 1.33 लाख, पश्चिमांचल में 1.41 लाख और पूर्वांचल में करीब 1.12 लाख शिकायतों का निस्तारण हुआ। वहीं, कानपुर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी (केस्को) ने 66 हजार से अधिक शिकायतों का समाधान किया।
बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें सर्वाधिक
अक्टूबर माह में सबसे अधिक शिकायतें बिजली आपूर्ति से संबंधित रहीं। इसके अलावा उपभोक्ताओं ने विद्युत सेवाओं से जुड़ी अन्य समस्याएं भी दर्ज कराईं। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) की ओर से शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही समाधान की गुणवत्ता को उपभोक्ताओं के फीडबैक के आधार पर परखने की व्यवस्था भी की गई है।
कंट्रोल रूम से शिकायतों की निगरानी
शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के लिए सभी कंट्रोल रूम और विशेष रूप से मास्टर कंट्रोल रूम में प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों को लंबित शिकायतों पर नजर रखने और उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य उपभोक्ताओं को समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भागदौड़ से बचाते हुए समयबद्ध राहत उपलब्ध कराना है।
1912 और वेबसाइट पर दर्ज कराएं शिकायत
बिजली संबंधी समस्या होने पर उपभोक्ता टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा यूपीपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध '1912 शिकायत पंजीकरण' विकल्प के माध्यम से भी घर बैठे शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। डिजिटल व्यवस्था से शिकायत दर्ज कराने के साथ उसके निस्तारण की प्रक्रिया पर भी नजर रखी जा सकती है।


Comments