नवीनतम
फीचर्ड
भारत
टैबलेट से खुलेगी डिजिटल शिक्षा की नई राह, विद्यार्थियों ने जताया सीएम योगी का आभार
पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगी मदद, एक क्लिक पर उपलब्ध होंगे अध्ययन संसाधन
लखनऊ। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टैबलेट पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रविवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में लखनऊ मंडल के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। इनमें सीतापुर के सिद्धार्थ तिवारी और सुयश अवस्थी, एसजीपीजीआई के राज कश्यप, बीएससी नर्सिंग की छात्रा ओजस्वी सिंह के साथ रागिनी और सुमन भी शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने इसे पढ़ाई और भविष्य की तैयारी के लिए उपयोगी बताते हुए सरकार की पहल की सराहना की।
डिजिटल सामग्री से आसान होगी पढ़ाई
सीतापुर निवासी सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि टैबलेट मिलने से अध्ययन सामग्री तक पहुंच आसान होगी। अब पुस्तकों के साथ इंटरनेट पर उपलब्ध शैक्षिक सामग्री, विषयवार वीडियो और ऑनलाइन कक्षाओं का भी लाभ ले सकेंगे। इससे कठिन विषयों को समझने और तैयारी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

सुयश अवस्थी ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान भी जरूरी है। टैबलेट के जरिए विद्यार्थी अपनी जरूरत के अनुसार अध्ययन सामग्री जुटा सकेंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, ऑनलाइन आवेदन और नई जानकारियां हासिल करने में भी यह उपयोगी साबित होगा।
नर्सिंग और चिकित्सा शिक्षा में मिलेगी मदद
एसजीपीजीआई के छात्र राज कश्यप ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में लगातार नई जानकारियां सामने आती रहती हैं। ऐसे में टैबलेट के माध्यम से शैक्षणिक सामग्री पढ़ने, विषयों को समझने और नवीन जानकारियों से अपडेट रहने में सुविधा मिलेगी।
बीएससी नर्सिंग की छात्रा ओजस्वी सिंह ने बताया कि नर्सिंग की पढ़ाई में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक समझ भी जरूरी है। टैबलेट पर उपलब्ध वीडियो, चित्रों, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और व्याख्यानों से जटिल विषयों को समझना आसान होगा। इससे पढ़ाई अधिक प्रभावी बन सकेगी।
युवाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान
रागिनी और सुमन ने भी टैबलेट वितरण को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पहल बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल उपकरण मिलने से पढ़ाई के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होगी। घर पर भी ऑनलाइन कक्षाओं और ई-पुस्तकों के माध्यम से अध्ययन जारी रख सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और तैयारी को बेहतर ढंग से व्यवस्थित कर पाएंगे।
विद्यार्थियों का कहना था कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण हर छात्र के लिए टैबलेट या लैपटॉप खरीदना आसान नहीं होता। ऐसे में सरकार की यह योजना काफी मददगार है। अमन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को तकनीक से जोड़ने और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की पहल सराहनीय है। इससे डिजिटल शिक्षा के साथ कौशल विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी मिलेंगे।


Comments