छठ पूजा पर 24 घंटे मिलेगी बिजली, घाटों पर होगी रोशनी
यूपीपीसीएल अध्यक्ष रणबीर प्रसाद ने अधिकारियों को दिए कटौतीमुक्त आपूर्ति के निर्देश, सभी डिस्कॉम को अलर्ट रहने को कहा
लखनऊ। छठ पूजा के दौरान प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में गांव से लेकर शहर तक 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने और पूजा घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्वांचल, मध्यांचल और पश्चिमांचल समेत सभी विद्युत वितरण निगमों (डिस्कॉम) को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
कटौतीमुक्त आपूर्ति के लिए अधिकारियों को निर्देश
प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपीपीसीएल अध्यक्ष रणबीर प्रसाद ने सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों, मुख्य अभियंताओं और संबंधित अधिकारियों को छठ पर्व पर सुचारु बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर आने वाली बिजली संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान करने के साथ पर्याप्त मरम्मत दल, ट्रॉली ट्रांसफार्मर और जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने को कहा है।
अधिकारियों को नियमित पेट्रोलिंग करने, ट्रांसफार्मर और फीडर का लोड जांचने तथा ढीले बिजली तारों और झुके खंभों को दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि पूजा स्थलों पर किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे।
तकनीकी खामियां दूर करने में जुटीं टीमें
बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सभी डिस्कॉम के जिलों में विभागीय टीमें लगातार अनुरक्षण और मरम्मत कार्य कर रही हैं। बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य उपकरणों का निरीक्षण किया जा रहा है। संभावित तकनीकी खामियों को समय रहते दूर करने के लिए रात में भी रखरखाव का काम जारी है।
आरडीएसएस से मजबूत किया जा रहा विद्युत नेटवर्क
प्रदेश में बिजली वितरण व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत भी कार्य कराए जा रहे हैं। विभागीय टीमें बिजली लाइनों के रखरखाव के साथ उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में जुटी हैं। सरकार का लक्ष्य विद्युत नेटवर्क को बेहतर बनाकर प्रदेश के सभी क्षेत्रों में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।


Comments